प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं नुकसान की जानकारी
जगदलपुर। बस्तर में बेमौसम बारिश, चक्रवाती तूफान और अतिवृष्टि से फसलों को होने वाले नुकसान के बीच कृषि विभाग ने किसानों को बीमा क्लेम के लिए समय पर सूचना दर्ज कराने की सलाह दी है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रभावित किसानों को फसल खराब होने की जानकारी 72 घंटे के भीतर देना जरूरी है। निर्धारित अवधि में सूचना दर्ज होने के बाद ही नुकसान के आकलन और बीमा दावा प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
कृषि विभाग के मुताबिक, बारिश या चक्रवाती तूफान के कारण खेत में खड़ी फसल को नुकसान होने पर किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दावा कर सकते हैं। इसके अलावा कटाई के बाद खेत में रखी फसल यानी करपा को भी बेमौसम बारिश या चक्रवात से नुकसान होने पर बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सकता है। ऐसी स्थिति में कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों के भीतर नुकसान की सूचना देना आवश्यक होगा।
अतिवृष्टि के कारण खेतों में पानी भरने से फसल खराब होने पर भी किसान बीमा क्लेम के लिए सूचना दर्ज करा सकते हैं। नुकसान की सूचना देते समय किसानों को कुछ जरूरी जानकारी उपलब्ध करानी होगी।
क्लेम के लिए देनी होगी ये जानकारी
किसान को अपना नाम, मोबाइल नंबर, गांव का नाम, खसरा नंबर, बीमित फसल, पॉलिसी नंबर, नुकसान का कारण और फसल क्षति की तारीख बतानी होगी। विभाग के अनुसार सूचना प्राप्त होने के बाद 48 घंटे के भीतर सर्वेयर नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत 10 दिनों में फसल नुकसान का सर्वे किया जाएगा। दावा स्वीकृत होने के बाद 15 दिनों में राशि किसान के बैंक खाते में भेजने की प्रक्रिया तय है।
गांव-गांव पहुंचाई जाएगी योजना की जानकारी
कृषि विभाग ने मैदानी अमले को किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। कृषक समूहों, ग्राम पंचायतों और सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जाएगा। प्रभावित किसानों को नुकसान की सूचना दर्ज कराने और क्लेम प्रक्रिया पूरी करने में भी सहयोग किया जाएगा।
किसान टोल फ्री नंबर 14447, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप या प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की वेबसाइट pmfby.gov.in के माध्यम से भी फसल नुकसान की जानकारी दे सकते हैं। योजना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी या उप संचालक कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।