20 नवंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू, 4 दिसंबर शाम 5 बजे तक जमा कर सकेंगे आवेदन; पांच संभागीय कार्यालयों में मिलेगी सुविधा
रायपुर। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने 38 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थी 20 नवंबर से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इस दिन शाम 5 बजे तक ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, शैक्षणिक योग्यता, पात्रता एवं अन्य आवश्यक शर्तें विभागीय वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध करा दी गई हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। आवेदन पत्र संबंधित कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर अथवा पंजीकृत डाक से भेजे जा सकेंगे।
आवेदन जमा करने के लिए बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा कार्यालय निर्धारित किए गए हैं। इन कार्यालयों में सभी कार्यदिवसों के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित पांच कार्यालयों के अलावा किसी अन्य स्थान पर भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
एक आवेदन सभी संभागों के लिए मान्य
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रत्येक जिले या संभाग के लिए अलग-अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। एक ही आवेदन पत्र सभी जिलों और संभागों में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए मान्य रहेगा। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन निरस्त होने की स्थिति, मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और भर्ती से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां विभागीय वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। इन सूचनाओं के संबंध में अभ्यर्थियों को अलग से पत्र नहीं भेजा जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।