महादेव घाट पहुंचकर हटकेश्वर महादेव के किए दर्शन, बोले- कार्तिक मास में स्नान की परंपरा सदियों पुरानी, सूर्योदय से पहले स्नान स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी
रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी के महादेव घाट पहुंचकर खारुन नदी में स्नान किया। सुबह करीब 5:30 बजे उन्होंने नदी में आस्था की डुबकी लगाई और इसके बाद हटकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कार्तिक मास में प्रातःकाल स्नान की परंपरा को छत्तीसगढ़ की पुरातन धार्मिक संस्कृति का हिस्सा बताया। उनका कहना था कि सूर्योदय से पहले स्नान करना धार्मिक आस्था के साथ स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभदायक है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार तड़के कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेव घाट पहुंचे। यहां उन्होंने खारुन नदी में स्नान कर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। स्नान के पश्चात हटकेश्वर महादेव के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
इस मौके पर बघेल ने कहा कि कार्तिक महीने में सुबह जल्दी उठकर नदी और तालाबों में स्नान करने की परंपरा छत्तीसगढ़ में लंबे समय से प्रचलित है। श्रद्धालु पूरे महीने नियमित रूप से प्रातःकाल स्नान करते हैं और इसके बाद मंदिरों में पूजा-पाठ, जप तथा दान-पुण्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सुबह सूर्योदय से पहले स्नान करने की परंपरा स्वास्थ्य के लिहाज से भी अच्छी मानी जाती है।
देव दीपावली के रूप में भी मनाई जाती है पूर्णिमा
हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इसे देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान, मंत्र जाप और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। शाम के समय नदी, तालाबों और घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। इस अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
सूर्यदेव को अर्घ्य देने की परंपरा
कार्तिक पूर्णिमा पर प्रातःकाल स्नान के बाद सूर्यदेव को जल अर्पित करने का विशेष विधान है। श्रद्धालु तांबे के पात्र में जल लेकर उसमें लाल पुष्प, अक्षत और कुमकुम मिलाते हैं। इसके बाद सूर्य की ओर मुख करके अर्घ्य दिया जाता है और सूर्य मंत्र का जाप किया जाता है। मान्यता है कि इस धार्मिक क्रिया से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
गणेश पूजन के बाद विष्णु-लक्ष्मी की आराधना
इस दिन भगवान गणेश की पूजा से धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की जाती है। इसके बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना की जाती है। कई श्रद्धालु शंख से भगवान विष्णु का अभिषेक कर तुलसी दल और मिष्ठान का भोग लगाते हैं। पूजा-अर्चना और आरती के बाद परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की जाती है।