ईडी की रिमांड अर्जी में खुलासा, फोन से 473 एमबी की वीडियो फाइल और सौरभ चंद्राकर के तीन नंबर मिले; एक साल में कंपनी का कारोबार 52 लाख से बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए पहुंचा
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को हिमांशु के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल जानकारियां मिलने का दावा किया गया है। एजेंसी की रिमांड अर्जी के अनुसार, उसके सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड फोन में 473 एमबी का एक वीडियो मिला, जिसके प्रीव्यू पर ‘महादेव बुक’ लिखा था। इसके अलावा डिलीट किए गए व्हाट्सऐप संदेश, सौरभ चंद्राकर के नाम से सेव संपर्क और बैंक खातों में बड़ी रकम जमा होने के रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में आए हैं। ईडी अब इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कथित वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
ईडी ने अदालत में पेश रिमांड आवेदन में बताया है कि हिमांशु के सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड मोबाइल की फॉरेंसिक जांच के दौरान 473 एमबी की वीडियो फाइल मिली। इसके प्रीव्यू पर ‘MAHADEV BOOK’ लिखा हुआ था। फोन में 30 अक्टूबर 2023 नाम से एक वीडियो फाइल और 25 अक्टूबर 2023 की चार पार्टी क्लिप भी मिलने का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा सौरभ चंद्राकर के नाम से तीन अलग-अलग संपर्क नंबर सेव पाए गए।
सात सेकंड में डिलीट किया गया व्हाट्सऐप संदेश
ईडी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के बयान में हिमांशु का नाम सामने आने के अगले दिन यानी 16 नवंबर को ‘Shekhar Iphone’ नाम से सेव नंबर के साथ व्हाट्सऐप पर बातचीत हुई थी। इस चैट में एक संदेश भेजने के सात सेकंड बाद सभी के लिए डिलीट कर दिया गया। पूरे व्हाट्सऐप डेटाबेस की जांच में संदेश भेजे जाने का समय रात 10:44:13 बजे दर्ज मिला।
एजेंसी ने बताया कि 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद हिमांशु के फोन में कुछ एसएमएस भी मिले। इनमें कुछ संदेशों में पूछताछ के दौरान सब कुछ नकारने और जल्द रिहा होने की बात कही गई थी। ईडी ने दूसरे आईफोन का पासकोड उपलब्ध नहीं होने और उसके फैक्ट्री रीसेट किए जाने को भी जांच का हिस्सा बनाया है।
एक साल में कंपनी का राजस्व 52 लाख से बढ़कर 15.55 करोड़
ईडी की जांच में हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड भी शामिल हैं। एजेंसी के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक हिमांशु के पास कंपनी की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी का राजस्व वित्तीय वर्ष 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया।
कंपनी ने वर्ष 2025 में लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार खरीदने के लिए ऋण भी लिया था। इसके अलावा ईडी ने हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 के दौरान 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपए जमा होने से संबंधित संदेशों का उल्लेख किया है। एजेंसी की अर्जी के अनुसार, 9 नवंबर को उसके आईसीआईसीआई बैंक खाते में लगभग 2.08 करोड़ रुपए का बैलेंस था। इन रकमों के स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है।
दुबई की मुलाकात और विदेश यात्राएं भी जांच के घेरे में
ईडी ने हिमांशु के इमिग्रेशन रिकॉर्ड के आधार पर उसकी विदेश यात्राओं का विवरण भी अदालत में रखा है। रिकॉर्ड के मुताबिक, वह 21 अक्टूबर 2023 को दिल्ली से दुबई गया और 25 अक्टूबर को मुंबई लौटा। इसके बाद 28 अक्टूबर को दोबारा दिल्ली से रवाना होकर 3 नवंबर को मुंबई पहुंचा। दूसरी यात्रा के दौरान वकील सुमित कोचर भी उसी दिन फ्लाइट से रवाना हुए थे।
दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच हिमांशु ने विदेश की नौ यात्राएं कीं। इनमें से सात यात्राएं दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हुई थीं। ईडी इन यात्राओं को सौरभ चंद्राकर के उस बयान से जोड़कर देख रही है, जिसमें इसी अवधि के दौरान किस्तों में रकम दिए जाने की बात कही गई है।
65 लाख रुपए को बताया पेशेवर फीस
पूछताछ के दौरान हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से दुबई के विला नंबर 45 में मुलाकात की बात स्वीकार की। हालांकि, उसने इस बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई। हिमांशु ने अपने वित्तीय लेन-देन को पेशेवर फीस बताते हुए कहा कि वसीम कुरैशी से 25 लाख और प्रमोटरों से 40 लाख रुपए बैंक खाते के माध्यम से मिले थे।
ईडी का कहना है कि हिमांशु 15 करोड़ रुपए और नकद किस्तों से जुड़े आरोपों का संतोषजनक हिसाब नहीं दे पाया है। रिमांड मिलने के बाद एजेंसी उससे रकम के स्रोत, कथित हवाला नेटवर्क, नोट्स में दर्ज नामों, डिजिटल साक्ष्यों और स्काईएक्सचेंज सहित अन्य सट्टा प्लेटफॉर्म से संभावित संबंधों के बारे में पूछताछ करने की तैयारी में है।