राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने जारी की पहली सूची, रायपुर शहर में प्रगति बाजपेयी और ग्रामीण में बरखा साहू को कमान; दुर्ग, बिलासपुर समेत कई जिलों में भी नई नियुक्तियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिलाध्यक्षों की पहली नियुक्ति सूची जारी की है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की स्वीकृति से प्रदेश के 17 जिलों में नई अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इस सूची में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, रायगढ़ और गरियाबंद सहित कई जिलों को प्रतिनिधित्व मिला है। नई नियुक्तियों के जरिए संगठन ने आगामी गतिविधियों के लिए जिला स्तर पर नेतृत्व की जिम्मेदारी तय कर दी है।

महिला कांग्रेस की ओर से जारी नियुक्ति सूची में रायपुर शहर की कमान प्रगति बाजपेयी को सौंपी गई है, जबकि रायपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी बरखा साहू संभालेंगी। बिलासपुर शहर में प्रीति पटनवार और बिलासपुर ग्रामीण में सीमा पांडे को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह दुर्ग शहर की अध्यक्ष प्रेमलता साहू तथा दुर्ग ग्रामीण की अध्यक्ष योगिता चंद्राकर नियुक्त की गई हैं।
सरगुजा से लेकर रायगढ़ तक नई नियुक्तियां
अन्य जिलों में सरगुजा की जिम्मेदारी अनीमा केरकेट्टा को दी गई है। सूरजपुर शहर में लिली राजवाड़े और सूरजपुर ग्रामीण में बबीता गुप्ता को अध्यक्ष बनाया गया है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में आरती महोबिया, गरियाबंद में मंजू ध्रुव और बलौदाबाजार-भाटापारा में ललिता यादव को संगठन की कमान सौंपी गई है।
वहीं, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर शहर में रूमा चटर्जी, कबीरधाम में अन्नपूर्णा चंद्राकर, रायगढ़ में संगीता गुप्ता, रिसाली (भिलाई नगर) में शशि सिन्हा और मुंगेली में उर्मिला यादव को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इन नियुक्तियों को प्रदेश में महिला कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।