चार साल की सेवा अवधि बढ़ने के बाद मिला विवाह का अधिकार, फिलहाल थलसेना और वायुसेना के जवानों पर फैसला नहीं
अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने सेवा विस्तार पाने वाले अग्निवीरों को विवाह करने की अनुमति दे दी है। हालांकि, यह सुविधा फिलहाल केवल भारतीय नौसेना में कार्यरत अग्निवीरों को मिलेगी। थलसेना और वायुसेना के अग्निवीरों को लेकर अभी नियमों में बदलाव नहीं किया गया है।
नई दिल्ली (ए)। अग्निवीरों के लिए सैन्य सेवा के साथ पारिवारिक जीवन शुरू करने का रास्ता भी खुल गया है। केंद्र सरकार ने सेवा विस्तार पाने वाले अग्निवीरों को शादी करने की छूट देने का निर्णय लिया है। अब तक अग्निपथ योजना के प्रावधानों के तहत चार साल की सेवा अवधि के दौरान अग्निवीरों के विवाह पर प्रतिबंध था। नए निर्णय से उन जवानों को राहत मिलेगी, जिन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत अतिरिक्त सेवा का अवसर दिया गया है।
हालांकि, इस सुविधा का दायरा फिलहाल सीमित रखा गया है। भारतीय नौसेना में कार्यरत और सेवा विस्तार पाने वाले अग्निवीर ही इस नियम का लाभ उठा सकेंगे। थलसेना और वायुसेना में तैनात अग्निवीरों के लिए विवाह की अनुमति को लेकर अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि भविष्य में तीनों सेनाओं के नियमों में समानता लाने के उद्देश्य से इस व्यवस्था का विस्तार किया जा सकता है।
भर्ती के समय अविवाहित होना जरूरी
विवाह की अनुमति मिलने के बावजूद अग्निपथ योजना की भर्ती प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सेना में अग्निवीर के रूप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का अविवाहित होना अनिवार्य रहेगा। यानी भर्ती के समय शादीशुदा उम्मीदवार इस योजना के पात्र नहीं होंगे।
गौरतलब है कि सरकार ने चार साल का प्रारंभिक कार्यकाल पूरा करने जा रहे अग्निवीरों को दो साल का सेवा विस्तार देने का फैसला किया है। इसके अलावा निर्धारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से 25 प्रतिशत अग्निवीरों को योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर नियमित सैन्य सेवा में शामिल करने का प्रावधान है। ऐसे में नए नियम को सेवा विस्तार पाने वाले जवानों के लिए एक अहम राहत के रूप में देखा जा रहा है।