रायपुर के संजय नगर में पांच लोगों की मौत के मामले में चार महीने बाद SIT ने सुलझाई गुत्थी, बैंक खातों में पांच साल में 70 लाख के लेनदेन का पता चला
रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में करीब चार महीने बाद जांच की तस्वीर साफ हुई है। विशेष जांच दल (SIT) की पड़ताल में कारोबारी साजिद अली को पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के लिए जिम्मेदार पाया गया है। जांच के अनुसार, उसने पहले पत्नी और बच्चों को खाने में कीटनाशक मिलाकर दिया और बाद में खुद फांसी लगाकर जान दे दी। सट्टे के कारोबार में नुकसान, नशे की लत और लगातार बिगड़ती आर्थिक स्थिति को इस दर्दनाक घटना की प्रमुख वजह माना गया है।
रायपुर। संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। अब करीब चार महीने बाद SIT की जांच में इस सामूहिक मौत के पीछे की परिस्थितियों का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि परिवार का मुखिया साजिद अली आर्थिक परेशानियों और कर्ज के दबाव से जूझ रहा था। सट्टे के कारोबार में लगातार घाटा होने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति बिगड़ती चली गई थी।
पुलिस के मुताबिक, साजिद ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को भोजन में कीटनाशक मिलाकर खिलाया। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच के दौरान साजिद के बैंक खातों की भी पड़ताल की गई। इसमें पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 70 लाख रुपए के लेनदेन का पता चला। जांच एजेंसी ने सट्टे के कारोबार में नुकसान और आर्थिक तंगी को इस घटना की मुख्य वजह माना है।
मोबाइल से चलाता था सट्टे का कारोबार
जांच में पता चला कि साजिद गोलबाजार और डगनिया क्षेत्र में मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाने का काम करता था। इस गतिविधि में उसे लगातार नुकसान हो रहा था। बाद में उसने यह कारोबार बंद कर दिया, लेकिन तब तक उसकी आर्थिक स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। कुछ लोग उससे उधार दिए गए पैसे वापस मांगने के लिए घर भी पहुंचते थे।
बैटरी रिपेयरिंग से शुरू किया था कारोबार
साजिद मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान संचालित करता था। शुरुआत में उसने ठेला लगाकर काम किया था। इसके बाद बैटरी मरम्मत का व्यवसाय शुरू किया और धीरे-धीरे अपनी दुकान स्थापित कर ली।
पुलिस की पड़ताल में उसके नशे का आदी होने और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में रहने की जानकारी भी सामने आई। वह करीब 15 वर्षों से अपने भाई-बहनों से अलग रह रहा था। भिलाई में रहने वाले ससुराल पक्ष से भी उसका संपर्क बहुत कम था। इन सभी परिस्थितियों के बीच आर्थिक संकट गहराता गया और अंततः परिवार की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया।