निफ्टी में भी 450 अंकों की तेजी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बाजार को मिला सहारा
घरेलू शेयर बाजार में 25 नवंबर को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1600 अंक से अधिक उछलकर 84 हजार के पार पहुंच गया, वहीं निफ्टी भी 450 अंक की बढ़त के साथ 25,800 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। आईटी और निजी बैंकिंग कंपनियों के शेयरों में मजबूत खरीदारी ने बाजार की तेजी को और गति दी।
मुंबई (ए)। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को निवेशकों का उत्साह बढ़ा रहा। कारोबार की शुरुआत से ही प्रमुख सूचकांकों में मजबूती दिखाई दी। सेंसेक्स में 1600 अंकों की छलांग लगी, जबकि निफ्टी ने भी करीब 450 अंकों की बढ़त दर्ज की। बाजार में इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस जैसे प्रमुख शेयरों में 3.5 प्रतिशत तक की तेजी रही। आईटी और निजी बैंकिंग क्षेत्र में निवेशकों की दिलचस्पी सबसे अधिक दिखाई दी।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बढ़ा भरोसा
बाजार में तेजी की पहली बड़ी वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी मानी जा रही है। विदेशी फंड भारतीय शेयरों में पूंजी लगा रहे हैं। इससे बाजार में नकदी का प्रवाह बढ़ने के साथ निवेशकों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम घटने से भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक माहौल बना है। वैश्विक आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद के बीच कच्चे तेल की कीमत 0.7 प्रतिशत गिरकर 90.80 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। नवंबर में अब तक इसमें करीब 23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में तेल सस्ता होने से आयात बिल और महंगाई का दबाव घटने की उम्मीद है।
निवेशकों की चिंता भी हुई कम
शेयर बाजार में संभावित उतार-चढ़ाव और निवेशकों की घबराहट का संकेत देने वाला इंडिया विक्स भी 3 प्रतिशत से अधिक गिरकर 17.10 पर पहुंच गया। इससे बाजार में अनिश्चितता कम होने और निवेशकों का जोखिम लेने का रुझान बढ़ने के संकेत मिले हैं। इन सकारात्मक परिस्थितियों ने बाजार को मजबूती प्रदान की।