83 वर्षीय परसराम को 30 साल बाद मिला सुनने का सहारा, कैंसर पीड़ित पिता को खोने वाली फरहीन की पढ़ाई में मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए तत्काल पहल की। किसी को इलाज के लिए आर्थिक सहायता मिली तो किसी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का भरोसा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
रायपुर। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता से सुनी और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। आर्थिक तंगी के चलते इलाज से वंचित परिवारों को राहत दिलाने के साथ ही उन्होंने जरूरतमंदों के लिए आर्थिक सहायता भी मंजूर की।
30 साल बाद श्रवण यंत्र से सुन सकेंगे परसराम
कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर पिछले तीन दशक से कम सुनने की परेशानी से जूझ रहे थे। बेटे के साथ जनदर्शन में पहुंचे परसराम की समस्या जानने के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया। उनकी आंखों की रोशनी कमजोर होने की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग को जांच कर चश्मा देने के निर्देश भी दिए। इसी तरह भाटापारा निवासी बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
पिता के इलाज में खर्च हुई पूंजी, फरहीन की पढ़ाई पर संकट
जशपुर से मां के साथ पहुंची फरहीन ने परिवार की आर्थिक स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उनके पिता वर्ष 2018 से कैंसर का इलाज करा रहे थे। लंबे उपचार में परिवार की जमा पूंजी समाप्त हो गई और वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया। आर्थिक संकट के कारण परिवार को घर गिरवी रखने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में फरहीन की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। मुख्यमंत्री ने उसे हौसला देते हुए पढ़ाई जारी रखने के लिए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
तीन साल के पार्थ के इलाज की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी
राजनांदगांव से बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची पूर्णिमा साहू ने बताया कि समय से पहले जन्म लेने के कारण पार्थ को करीब दो महीने अस्पताल में रहना पड़ा था। अब तीन साल की उम्र में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है। उसे मोतियाबिंद की समस्या है और आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के लिए लाखों रुपए की जरूरत है। मां की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बच्चे के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
छह वर्षीय छयांश के ऑपरेशन के लिए मिले निर्देश
रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई के साथ बेटे छयांश के इलाज की गुहार लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। बड़े बेटे का ऑपरेशन कराने के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण छह वर्षीय छयांश का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है। पत्नी के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी भी उन पर है। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छयांश के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में मिलने वाले आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि किसी भी जरूरतमंद को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।