लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव, कांग्रेस ने लगाया दो-तिहाई बहुमत जुटाने के लिए दलों में फूट डालने का आरोप
संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इन प्रस्तावों पर विचार किया जा सकता है। दूसरी ओर विपक्ष ने सरकार की रणनीति पर सवाल उठाते हुए विरोध के संकेत दिए हैं।
नई दिल्ली (ए)। संसद सत्र से पहले केंद्र सरकार और विपक्षी दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार दोपहर 1 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक प्रस्तावित है। इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 तक की जा सकती है। सरकार का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था को लागू करने का रास्ता तैयार करना है। इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से प्रभावी बनाने की तैयारी बताई जा रही है।
कांग्रेस का आरोप, बहुमत जुटाने के लिए हो रही राजनीतिक जोड़तोड़
कांग्रेस ने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि सरकार विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के उद्देश्य से राजनीतिक दलों में विभाजन की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को पर्याप्त महत्व नहीं दे रही है।
बिल देखने के बाद समर्थन पर फैसला करेगी सुप्रिया सुले
विधेयकों को लेकर विपक्षी दलों ने फिलहाल अपने पत्ते नहीं खोले हैं। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्होंने अभी तक विधेयक नहीं देखा है। प्रस्ताव का अध्ययन करने के बाद ही समर्थन को लेकर कोई निर्णय लिया जाएगा। वहीं डीएमके सांसद ए. राजा ने कहा कि पार्टी के भीतर चर्चा के बाद ही रुख स्पष्ट किया जाएगा।
भाजपा की मंशा पर कांग्रेस और डीएमके के सवाल
कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही मंजूर हो चुका है, ऐसे में भाजपा बार-बार परिसीमन के साथ इस मुद्दे को क्यों जोड़ रही है, यह स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
कांग्रेस ने जारी किया व्हिप, सांसदों की बैठक बुलाई
संसद सत्र को देखते हुए कांग्रेस ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। साथ ही शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई गई है। इसमें आगामी सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति और विधेयकों को लेकर विपक्ष की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।