बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली सहित चार निगमों में चुनाव की तैयारी; 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची होगी जारी
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल जल्द बज सकता है। राज्य निर्वाचन आयोग दिसंबर के पहले सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की तैयारी में है। 2 या 3 दिसंबर को तारीखों का ऐलान होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराया जा सकता है।
रायपुर। प्रदेश में स्थानीय सरकार चुनने की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोग के पदाधिकारियों के अनुसार, 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 2 या 3 दिसंबर को चुनाव कार्यक्रम जारी होने की संभावना है। चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो जाएगी।
इस चुनाव में बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली सहित चार नगर निगमों के अलावा अन्य नगरीय निकायों में भी मतदान होगा। राजनीतिक दलों ने प्रत्याशियों के चयन और वार्डों में चुनावी संभावनाओं को लेकर अंदरूनी तैयारी शुरू कर दी है।
नगरीय निकायों में 417 पदों पर चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगरीय निकायों में आम निर्वाचन और उपचुनाव को मिलाकर कुल 417 पदों पर चुनाव कराया जाएगा। इनमें चार नगर निगमों में महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षदों के 400 पद शामिल हैं। इसके अलावा उपचुनाव के तहत अध्यक्ष का एक और पार्षद के 6 पदों पर मतदान होगा।
पंचायतों में 814 पदों के लिए मतदान
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी 814 पदों पर प्रतिनिधि चुने जाएंगे। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं। इस तरह नगरीय निकाय और पंचायतों को मिलाकर प्रदेश में कुल 1231 पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
चुनाव में देरी तो निकायों में बैठ सकते हैं प्रशासक
निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने में विलंब हुआ तो कुछ नगरीय निकायों में प्रशासक नियुक्त करने की स्थिति बन सकती है। इससे पहले वर्ष 2024 में भी निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासकों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। ऐसे में दिसंबर का पहला सप्ताह प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2021 में 23 दिनों में पूरी हुई थी प्रक्रिया
पिछले नगरीय निकाय चुनाव के दौरान नवंबर 2021 के अंतिम सप्ताह में निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया था। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान हुआ था। अधिसूचना जारी होने से मतदान तक करीब 23 दिनों का समय मिला था। इसी समय-सीमा के आधार पर इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।