महाराणा प्रताप चौक के पास घटना, आसपास के लोगों ने पानी डालकर बुझाई आग; दुकानदार ने असामाजिक तत्वों पर जताया शक
कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के पास शनिवार सुबह टायर दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान के बाहर रखे टायर और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और दुकान के अंदर तक पहुंच गईं। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पानी डालकर आग बुझाई, जिससे आग दूसरी दुकानों तक फैलने से बच गई। दुकानदार ने करीब एक लाख रुपए के नुकसान का अनुमान जताते हुए किसी असामाजिक तत्व की करतूत की आशंका व्यक्त की है।
महाराणा प्रताप चौक के पास मोहम्मद नौशाद की अब्दुल्ला टायर नाम से दुकान संचालित है। शनिवार सुबह एक स्थानीय व्यक्ति ने फोन कर उन्हें दुकान में आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नौशाद मौके पर पहुंचे तो दुकान के बाहर रखे टायर धधक रहे थे। आग ने दुकान के अंदर रखे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास स्थित दूसरी दुकानें इसकी चपेट में आने से बच गईं।
बाहर रखा सामान हुआ खाक
आग से दुकान के बाहर रखे कई टायर और अन्य सामान पूरी तरह जल गए। दुकानदार के अनुसार घटना में करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग इतनी तेज थी कि कुछ देर तक ऊंची लपटें दिखाई देती रहीं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानबूझकर आग लगाने की आशंका
दुकान संचालक ने आग लगने की घटना को लेकर असामाजिक तत्वों पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में रात के समय कुछ लोग नशे की हालत में घूमते रहते हैं। इसी वजह से उन्हें आशंका है कि किसी ने शरारत या जानबूझकर टायरों में आग लगाई होगी।
हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। घटना की सूचना सीएसईबी चौकी पुलिस को दे दी गई है। दुकानदार ने पुलिस से मामले की जांच कर आग लगाने वाले व्यक्ति का पता लगाने और कार्रवाई करने की मांग की है।