दिग्विजय स्टेडियम शाखा ने समय पर चेक क्लियरिंग के लिए नहीं भेजा, वैधता खत्म होने से अटका भुगतान; आयोग ने सेवा में कमी माना
राजनांदगांव। राजनांदगांव में 50 हजार रुपए के चेक को क्लियरिंग के लिए भेजने में हुई दो दिन की देरी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) पर भारी पड़ गई। दिग्विजय स्टेडियम शाखा की देरी के कारण चेक की 90 दिन की वैधता समाप्त हो गई और भुगतान नहीं हो सका। मामले की सुनवाई करते हुए जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने बैंक को सेवा में कमी का दोषी माना है। आयोग ने बैंक को चेक की पूरी राशि के साथ मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय मिलाकर कुल 60 हजार रुपए 45 दिन के भीतर देने का आदेश दिया है।
शांति नगर वार्ड-04 निवासी खिलेश्वर सिन्हा का खाता SBI की दिग्विजय स्टेडियम शाखा में है। उन्हें रवि वैष्णव ने जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, दुर्ग का 50 हजार रुपए का चेक दिया था। 21 नवंबर 2025 को जारी इस चेक को खिलेश्वर सिन्हा ने 18 फरवरी 2026 को SBI में जमा किया था। उस समय चेक की वैधता अवधि समाप्त नहीं हुई थी।
19 फरवरी को नहीं भेजा क्लियरिंग के लिए
परिवादी का कहना था कि 19 फरवरी को कार्यालयीन दिवस होने के बावजूद बैंक ने चेक को क्लियरिंग के लिए आगे नहीं भेजा। इसे अगले दिन यानी 20 फरवरी को भेजा गया। इसी दौरान चेक की 90 दिन की वैधता पूरी हो गई। 21 फरवरी को चेक ‘इंस्ट्रूमेंट आउटडेटेड/स्टेल’ बताते हुए वापस कर दिया गया। इससे चेक की रकम का भुगतान नहीं हो सका।
सर्वर डाउन होने का दिया हवाला
बैंक ने आयोग के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि 19 फरवरी को सर्वर और नेटवर्क संबंधी समस्या के कारण चेक क्लियरिंग नहीं हो सकी। बैंक की ओर से यह भी कहा गया कि ग्राहक को चेक पर नई तारीख डालकर दोबारा जमा करने की सलाह दी गई थी।
आयोग ने नहीं मानी बैंक की दलील
आयोग ने बैंक की तकनीकी खराबी वाली दलील को स्वीकार नहीं किया। बैंक सर्वर या नेटवर्क डाउन रहने के संबंध में कोई दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। आयोग ने माना कि पूरे कार्यालयीन समय में सर्वर बंद रहने की बात साबित करने की जिम्मेदारी बैंक की थी। केवल तकनीकी समस्या का हवाला देकर बैंक अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकता।
आयोग ने अपने आदेश में सुप्रीम कोर्ट के कैनरा बैंक बनाम कविता चौधरी मामले का भी उल्लेख किया। आदेश में कहा गया कि बैंक की देरी से चेक की वैधता समाप्त हो जाना सेवा में कमी और लापरवाही की श्रेणी में आता है। आयोग ने माना कि बैंक की देरी के कारण ही चेक की मियाद खत्म हुई और परिवादी को राशि नहीं मिल सकी।
45 दिन में करना होगा भुगतान
आयोग के सदस्य डॉ. आनंद वर्गिस ने 26 नवंबर 2026 को मामले में आदेश सुनाया। बैंक को 50 हजार रुपए चेक की मूल राशि, 5 हजार रुपए मानसिक क्षतिपूर्ति और 5 हजार रुपए वाद व्यय के रूप में देने होंगे। इस तरह कुल 60 हजार रुपए का भुगतान करना होगा।
आयोग ने राशि जमा करने के लिए 45 दिन की समय सीमा तय की है। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर बैंक को आदेश की तारीख से पूरी राशि पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।