160 लाख टन खरीदी का लक्ष्य, छुट्टियां हटाने पर 47 दिन ही मिलेंगे; एग्रीस्टैक में किसानों का रकबा शून्य दिखने पर भी उठाए सवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की रफ्तार को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया कि 160 लाख टन के लक्ष्य के मुकाबले खरीदी के शुरुआती 11 दिनों में केवल 5 प्रतिशत धान ही खरीदा जा सका है। उन्होंने कहा कि छुट्टियों को छोड़कर खरीदी के लिए 47 दिन उपलब्ध हैं, ऐसे में शेष 36 दिनों में 95 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं होगा। बैज ने एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का रकबा शून्य दिखने और फसल की गलत एंट्री की शिकायतों को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने धान खरीदी की मौजूदा व्यवस्था को लेकर सरकार पर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में 160 लाख टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन शुरुआती 11 दिनों में लक्ष्य का महज 5 प्रतिशत ही हासिल हुआ है। उनके मुताबिक खरीदी के लिए छुट्टियों को हटाकर कुल 47 दिन का समय मिल रहा है। ऐसे में बाकी बचे 36 दिनों में 95 प्रतिशत धान खरीदी करनी होगी।
बैज ने कहा कि मौजूदा गति को देखते हुए इतने कम समय में इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना मुश्किल नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर खरीदी की रफ्तार धीमी रख रही है और इससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। उनका कहना है कि यदि खरीदी की गति नहीं बढ़ाई गई तो अंतिम दिनों में खरीदी केंद्रों पर दबाव बढ़ सकता है।
एग्रीस्टैक में रकबा शून्य दिखने का दावा
बैज ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों के पंजीकृत खसरे और रकबे से जुड़ी गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि पिछले साल पंजीयन करा चुके किसानों को दोबारा पंजीयन कराने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद कई किसानों के पंजीकृत खसरे और रकबे इस वर्ष पोर्टल पर शून्य दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि कुछ किसानों की धान की फसल के स्थान पर पोर्टल में दूसरी फसल दर्ज दिखाई दे रही है। बैज ने सवाल उठाया कि जिन किसानों ने पिछले साल पंजीयन के आधार पर धान बेचा था, उनके रिकॉर्ड में इस साल रकबा शून्य कैसे हो गया।
सत्यापन और केंद्रों की व्यवस्था पर भी सवाल
कांग्रेस नेता ने फसल सत्यापन की प्रक्रिया, खसरा रिकॉर्ड में विसंगतियों और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नई प्रक्रियाओं के कारण किसान असमंजस में हैं। बैज ने सरकार से खरीदी व्यवस्था को सुचारु करने, पोर्टल की गड़बड़ियों को दूर करने और किसानों की शिकायतों का जल्द निराकरण करने की मांग की।