
हरियाणा में 46% ज्यादा बारिश, गुजरात के तीन जिलों में 16 इंच पानी; केंद्र ने पंजाब को ₹1600 करोड़ की मदद दी
नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ (ए)। उत्तर भारत के कई राज्य इस समय बारिश और बाढ़ से बेहाल हैं। पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 2000 से ज्यादा गांवों में पानी भरा हुआ है। केंद्र सरकार ने राज्य को ₹1600 करोड़ की राहत राशि देने का ऐलान किया है।
जम्मू-कश्मीर में लगातार 16 दिन बंद रहने के बाद जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को बुधवार को दोबारा खोल दिया गया। इस सड़क को भूस्खलन और मलबे की वजह से बंद करना पड़ा था। हाईवे चालू होने से कश्मीर घाटी में फलों और जरूरी सामान की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है। इस बीच लद्दाख के सियाचिन बेस कैंप में हिमस्खलन से तीन जवान शहीद हो गए।
हरियाणा में 9 सितंबर तक सामान्य से 46% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। राज्य में अब तक औसतन 385.1 मिमी बारिश होती थी, लेकिन इस बार 563.8 मिमी बारिश हो चुकी है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर जिले में हुई है, जहां अब तक 1080.8 मिमी पानी बरस चुका है।
उधर गुजरात में भी हालात बिगड़े हुए हैं। बनासकांठा समेत तीन जिलों में बीते दो दिनों में 16 इंच से ज्यादा बारिश हुई। वाव-थराद और सुईगाम तालुका के दर्जनों गांवों में 5 फीट तक पानी भर गया है।