सिराज ने चटकाए 4, बुमराह ने झटके 3 विकेट; ग्रीव्स 32 रन बनाकर रहे कैरेबियाई टीम के टॉप स्कोरर
अहमदाबाद में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के शुरुआती दिन गेंदबाजों ने जलवा दिखाया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम 162 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान के 8 रन बना लिए हैं।
खेल (डेस्क)। अहमदाबाद टेस्ट के पहले दिन भारतीय तेज गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। कैरेबियाई टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी, लेकिन पूरी टीम 162 रन पर ढेर हो गई। जस्टिन ग्रीव्स ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए, जबकि शाई होप 26 और कप्तान रोस्टन चेज 24 रन ही जोड़ सके।
भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने चार विकेट लेकर वेस्टइंडीज की पारी को बिखेरने में अहम भूमिका निभाई। जसप्रीत बुमराह ने भी तीन विकेट अपने नाम किए और इसी के साथ वे घरेलू मैदान पर सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए।
पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने बिना किसी नुकसान के 8 रन बना लिए हैं। ओपनर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल क्रीज पर टिके हुए हैं।