जम्मू-कश्मीर की बडगाम-नगरोटा, राजस्थान की अंता और पंजाब की तरनतारन समेत 8 सीटों पर मतदान; दोपहर 11 बजे तक आया शुरुआती टर्नआउट
देश के 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इन उपचुनावों के नतीजे बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही जारी है और कई इलाकों में शुरुआती दौर में ही अच्छे टर्नआउट के संकेत मिले हैं।
नई दिल्ली (ए)। देशभर में 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह मतदान शुरू हो गया। इन सीटों पर हुए मतदान के नतीजे 14 नवंबर को बिहार चुनाव परिणामों के साथ घोषित किए जाएंगे। पंजाब की तरनतारन और ओडिशा की नुआपाड़ा में सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नगरोटा, राजस्थान की अंता, झारखंड की घाटशिला (ST), तेलंगाना की जुबली हिल्स, पंजाब की तरनतारन, मिजोरम की डम्पा और ओडिशा की नुआपाड़ा शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर की दोनों सीटें अक्टूबर 2024 से खाली
बडगाम सीट उस समय खाली हुई जब मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दो सीटों पर जीत के बाद 21 अक्टूबर को गांदरबल सीट बरकरार रखी और बडगाम से इस्तीफा दे दिया। वहीं नगरोटा सीट भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद 31 अक्टूबर 2024 को रिक्त हुई।
सुबह 11 बजे तक का वोटर टर्नआउट
- नगरोटा (J&K) – 34.47%
- बडगाम (J&K) – 21.74%
- घाटशिला (झारखंड) – 34.32%
- डम्पा (मिजोरम) – 34.38%
- नुआपाड़ा (ओडिशा) – 32.51%
- तरनतारन (पंजाब) – 23.35%
- अंता (राजस्थान) – 28.74%
- जुबली हिल्स (तेलंगाना) – 20.76%
राजस्थान की अंता सीट: 15 उम्मीदवार मैदान में
बारां जिले की अंता विधानसभा सीट कंवरलाल मीणा की विधायकी खत्म होने के बाद रिक्त हुई। उन पर SDM पर पिस्तौल तानने के 20 साल पुराने मामले में सजा होने पर मई 2024 में सदस्यता रद्द की गई थी। 2023 के विधानसभा चुनावों में मीणा ने पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया को हराया था।
अंता में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। कांग्रेस के बागी नरेश मीणा निर्दलीय मैदान में हैं, जबकि मुख्य मुकाबला बीजेपी के मोरपाल सुमन, कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया और नरेश मीणा के बीच माना जा रहा है। इनके अलावा 12 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग ने 2,27,563 मतदाताओं के लिए 268 मतदान केंद्र बनाए हैं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।