350 से अधिक फ्लाइटें रद्द; रिफंड रात 8 बजे तक प्रोसेस करने का आदेश, DGCA ने पूछा—एक्शन क्यों न लिया जाए
इंडिगो एयरलाइन का संकट छठे दिन भी नहीं थम सका। रविवार को देशभर में 350 से अधिक उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। केंद्र सरकार ने स्थिति को गंभीर मानते हुए एयरलाइन को रिफंड प्रोसेस निर्धारित समय तक पूरा करने सहित कई सख्त निर्देश जारी किए हैं।
नई दिल्ली (ए)। इंडिगो एयरलाइन का संकट लगातार गहराता जा रहा है। पांच दिनों से जारी अव्यवस्था शनिवार को भी कम नहीं हुई और 800 से ज्यादा उड़ानें रद्द रहीं। रविवार को यह सिलसिला छठे दिन भी जारी रहा, जब करीब 350 से अधिक फ्लाइटें कैंसिल हो चुकी हैं। इनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, जयपुर, हैदराबाद, भोपाल और त्रिची जैसे प्रमुख शहरों से उड़ानें शामिल हैं।
हालांकि एयरलाइन ने दावा किया है कि उसने 95 प्रतिशत रूट पर संचालन सामान्य कर लिया है और 138 में से 135 डेस्टिनेशन पर उड़ानें शुरू कर दी गई हैं, लेकिन यात्रियों में आक्रोश और अव्यवस्था की स्थिति अब भी बनी हुई है। इंडिगो ने स्वीकार किया कि यात्रियों का भरोसा दोबारा जीतने में लंबा समय लग सकता है।
सरकार की सख्ती, DGCA का नोटिस
इंडिगो संकट पर केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइन को निर्देश दिया है कि सभी कैंसिल और विलंबित उड़ानों का रिफंड 7 दिसंबर रात 8 बजे तक प्रोसेस कर दिया जाए। साथ ही अगले 48 घंटों में सभी यात्रियों का खोया बैगेज ट्रेस कर डिलीवर करने का आदेश दिया गया है। DGCA ने भी कंपनी के CEO से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है कि इतने दिनों तक जारी संकट के बावजूद एयरलाइन पर कार्रवाई क्यों न की जाए। निर्धारित समय में जवाब न मिलने पर अथॉरिटी एकतरफा निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होगी।
टिकट किराए पर भी नियंत्रण
इंडिगो संकट के बीच अन्य एयरलाइंस के टिकट किराए बढ़ने लगे थे, जिस पर सरकार ने तुरंत लगाम कस दी।
नई किराया सीमा के तहत अब—
- 500 किमी तक अधिकतम किराया 7,500 रुपए
- 500 से 1000 किमी तक अधिकतम किराया 12,000 रुपए
- सभी रूट पर अधिकतम किराया सीमा 18,000 रुपए निर्धारित की गई है।
- हालांकि यह सीमा बिजनेस क्लास पर लागू नहीं होगी।
- यात्रियों की परेशानी जारी
रद्द उड़ानों के कारण हवाई अड्डों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं। कई लोग बैगेज ट्रेस न होने और बार-बार फ्लाइट बदलने से त्रस्त दिखाई दिए। इंडिगो की ओर से कहा गया कि स्थिति को सामान्य करने के प्रयास तेजी से जारी हैं।