- नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में तीन दिवसीय साहित्यिक महोत्सव
- देशभर के नामचीन लेखक, कवि, विचारक और कलाकार होंगे शामिल
- साहित्य, संस्कृति और समकालीन विमर्श का होगा व्यापक मंच
- युवाओं और नवोदित रचनाकारों को मिलेगा खुला मंच
- आमजन के लिए निःशुल्क बस सेवा की व्यवस्था
छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में एक बार फिर शब्दों, विचारों और संवाद का महोत्सव सजेगा। ‘रायपुर साहित्य उत्सव–2026’ के रूप में यह तीन दिवसीय आयोजन 23 से 25 जनवरी तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के प्रतिष्ठित साहित्यकार और कला जगत की जानी-मानी हस्तियां शिरकत करेंगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक विरासत, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक चेतना को एक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से रायपुर साहित्य उत्सव–2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाला यह साहित्यिक आयोजन नवा रायपुर अटल नगर के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित होगा, जहां साहित्य, कला और विचारों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
उत्सव के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आए साहित्यकार, कवि, कथाकार, पत्रकार, रंगकर्मी और कलाकार साहित्यिक संवाद, समकालीन विषयों पर परिचर्चा, कविता पाठ, कथा सत्र और पुस्तक विमोचन जैसे कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कला प्रदर्शन भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
संवाद, विचार और संस्कृति का साझा मंच
आयोजकों के अनुसार रायपुर साहित्य उत्सव का उद्देश्य केवल साहित्यिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक संवाद को भी विस्तार देने का प्रयास है। विभिन्न भारतीय भाषाओं के रचनाकारों और पाठकों को जोड़ने वाला यह मंच समकालीन मुद्दों पर गहन विमर्श का अवसर प्रदान करेगा।
ओपन माइक में उभरेंगी नई आवाजें
उत्सव के तहत ओपन माइक सत्र का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम नागरिक, युवा और नवोदित रचनाकार अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। कविता, कहानी, गीत, विचार और नाट्य प्रस्तुति जैसे माध्यमों से प्रतिभागियों को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।
युवाओं और विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस
राज्य के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में उत्सव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि यह साहित्यिक आयोजन विद्यार्थियों और युवाओं को भाषा, संस्कृति और रचनात्मक सोच से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पुस्तक प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण
रायपुर साहित्य उत्सव–2026 में देश के प्रतिष्ठित प्रकाशन समूहों की पुस्तक स्टॉल लगाई जाएंगी। यहां पाठकों को विविध विषयों और विधाओं की पुस्तकों से रूबरू होने के साथ-साथ लेखकों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।
कैसे करें सहभागिता
उत्सव में शामिल होने के लिए इच्छुक नागरिक और साहित्य प्रेमी आधिकारिक वेबसाइट www.raipursahityautsav.org
के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
निःशुल्क बस सेवा से पहुंचेगा हर वर्ग
आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 23, 24 और 25 जनवरी को रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पुरखौती मुक्तांगन तक निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक और साहित्य प्रेमी बिना किसी खर्च के आयोजन में सहभागिता कर सकेंगे।