दिल्ली से मुंबई और सूरत तक विरोध; भिवंडी में राहुल गांधी को दिखाए गए काले झंडे, कांग्रेस मुख्यालय के बाहर नारेबाजी
नई दिल्ली में आयोजित AI समिट में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। शनिवार को भाजपा ने दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन हुआ, वहीं मुंबई में राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए गए।
नई दिल्ली (ए)। राजधानी में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान हुए कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा ने शनिवार को देश के कई हिस्सों में कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
दिल्ली में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘कांग्रेस-राहुल गांधी=गद्दार’ और ‘देशद्रोही राहुल गांधी माफी मांगो’ जैसे पोस्टर देखे गए। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है।

उधर, मुंबई के मुलुंड इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए। वे महाराष्ट्र के भिवंडी स्थित अदालत में पेशी के लिए जा रहे थे। यह मामला 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़ा है।
गुजरात के सूरत में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर विरोध जताया। जम्मू-कश्मीर में विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कांग्रेस से माफी की मांग की।
दरअसल, 20 फरवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता सफेद टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों के साथ ‘PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ लिखे संदेश प्रदर्शित करते नजर आए।
इस घटनाक्रम के बाद दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और मामला राष्ट्रीय राजनीति में नई बहस का विषय बन गया है।