सावधान: फोन चोरी होते ही सिम तो बंद कराया लेकिन खाली हो गया बैंक खाता, अंतरराज्यीय चोर आयुष डागा गिरफ्तार
रायपुर(ए) : राजधानी रायपुर में मोबाइल चोरी के बाद डिजिटल सेंधमारी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने पुलिस और जनता दोनों को हैरान कर दिया है। एक महिला यात्री का मोबाइल फोन चोरी करने के बाद शातिर बदमाशों ने यूपीआई पिन हैक कर उनके बैंक खाते से 2 लाख 26 हजार रुपये पार कर दिए। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़िता को इस महाठगी का पता तब चला जब उन्होंने अपना खोया हुआ नंबर दोबारा चालू करवाया और मोबाइल स्क्रीन पर बैंक बैलेंस कटने के मैसेज की बाढ़ आ गई।
आजाद चौक थाना पुलिस ने इस हाईप्रोफाइल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आयुष डागा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी ने फोन चोरी करने के बाद बड़ी चालाकी से यूपीआई का एक्सेस हासिल किया और मात्र तीन दिनों के भीतर महिला की जमा पूंजी साफ कर दी। पकड़े गए आरोपी आयुष डागा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह छत्तीसगढ़ समेत मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा जैसे राज्यों में चोरी की दर्जन भर वारदातों को अंजाम देकर जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी गई रकम में से 70 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल स्कूटर और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। इस गैंग का एक अन्य सदस्य अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है जिसकी तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने शहरवासियों को अलर्ट किया है कि मोबाइल चोरी होने की स्थिति में केवल सिम बंद कराना काफी नहीं है, बल्कि तत्काल बैंक खातों और यूपीआई आईडी को भी ब्लॉक करवाना अनिवार्य है ताकि ऐसी बड़ी ठगी से बचा जा सके।