यातायात पुलिस का विशेष अभियान, अमानक साइलेंसर मौके पर उतरवाकर किए गए जब्त
*रायपुर की सड़कों पर तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मोडिफाई साइलेंसर लगे बुलेट वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने दर्जनों बुलेट वाहनों को जब्त कर चालकों पर भारी जुर्माना लगाया।*
रायपुर। रायपुर पुलिस ने मोडिफाई और अमानक साइलेंसर लगाकर सड़कों पर दौड़ रहे बुलेट वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में यातायात पुलिस ने कुल 65 बुलेट वाहनों को जब्त किया और प्रत्येक वाहन चालक पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए गए, जहां बुलेट और अन्य स्पीड बाइक की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान जिन वाहनों में मोडिफाई या अमानक साइलेंसर पाए गए, उन्हें मौके पर ही उतरवाया गया। मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए साइलेंसर जब्त किए गए और वाहन स्वामियों को मानक साइलेंसर लगवाने के बाद ही वाहन छोड़े जाने की बात कही गई।
यातायात पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तेज आवाज वाले साइलेंसर सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों को चौंका देते हैं, जिससे वाहन असंतुलित हो सकता है और गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यही वजह है कि इस तरह के साइलेंसरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें। साथ ही ऑटो पार्ट्स दुकानदारों और वाहन विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि अमानक साइलेंसर या अवैध एक्सेसरीज की बिक्री न करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दुकानों और संबंधित फर्मों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।