दो रातों में पांच वारदातों से फैली थी दहशत, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई — जिले का पहला ‘हाफ एनकाउंटर’
जांजगीर-चांपा जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले कुख्यात डकैत गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड रामनाथ को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत की गई इस कार्रवाई में कुल आठ आरोपियों को पकड़ा गया है। बीते दो रातों में सुनसान सड़कों पर राहगीरों पर जानलेवा हमले कर लूटपाट करने वाले इस गिरोह से जिले में भारी दहशत फैल गई थी।
जंजगीर चांपा। पुलिस के अनुसार 27 और 29 जनवरी की दरमियानी रात थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में गिरोह ने पांच अलग-अलग स्थानों पर वारदातों को अंजाम दिया। सुनसान सड़कों पर राहगीरों को रोककर बदमाशों ने स्टील रॉड, डंडे और बेल्ट से सिर पर हमला कर लूटपाट की। इन हमलों में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। एक पीड़ित कोमा में है और उसका इलाज बिलासपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की रणनीति, एक-एक कर दबोचे गए आरोपी
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ शुरू किया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद गिरोह के सरगना रामनाथ की लोकेशन ट्रेस कर रविवार सुबह उसकी घेराबंदी की गई।
फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, रामनाथ घायल
घिरते ही रामनाथ ने पुलिस टीम पर देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायर किया, जिसमें रामनाथ के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत स्थिर है। जिले में यह पहला मामला है, जिसे पुलिस ‘हाफ एनकाउंटर’ के रूप में देख रही है।
हथियार, वाहन और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, पिस्टल, स्टील रॉड, डंडे, बेल्ट, तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, सात मोबाइल फोन, लूट का सामान और लगभग चार लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
ये आरोपी आए गिरफ्त में
गिरफ्तार आरोपियों में निखिल टंडन (18), मनीराम गोंड (19), नरेश यादव (19), रोशन टंडन (19), आयुष रात्रे (18), दो नाबालिग और गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ शामिल है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की सख्ती से राहत में लोग
एसपी ने इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था बहाली की बड़ी सफलता बताया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की सराहना की है। मामले की जांच अभी जारी है।