ग्लोबल AI समिट में भारत की तकनीकी ताकत का जिक्र; रमजान-होली की शुभकामनाएं, डिजिटल फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड में तकनीक, मानवीय संवेदना और सामाजिक जागरूकता जैसे मुद्दों पर देशवासियों से संवाद किया। उन्होंने दिल्ली में आयोजित ग्लोबल AI इम्पेक्ट समिट का उल्लेख करते हुए भारत की तकनीकी प्रगति को रेखांकित किया, वहीं अंगदान को जीवन बदलने वाली पहल बताते हुए लोगों से आगे आने की अपील की।
नई दिल्ली (ए)। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अंगदान, डिजिटल ठगी और सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों को केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित ग्लोबल AI इम्पेक्ट समिट में दुनिया भर के नेता, उद्योगपति, इनोवेटर और टेक कंपनियों के प्रतिनिधि जुटे।
AI से प्राचीन ज्ञान का संरक्षण
प्रधानमंत्री ने बताया कि समिट के दौरान दुनिया के नेताओं को दिखाया गया कि कैसे AI की मदद से भारत अपने प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों को संरक्षित कर रहा है। प्रदर्शनी में ‘सुश्रुत संहिता’ को डिजिटल टेक्स्ट में परिवर्तित कर प्रस्तुत किया गया, जिसे विभिन्न भारतीय और विदेशी भाषाओं में पढ़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक हमारी सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मददगार होगी।
त्योहारों की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री ने रमजान के पवित्र महीने और होली के आगामी पर्व की देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये दोनों पर्व भाईचारे, आनंद और आपसी सद्भाव का संदेश देते हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय मूल के खिलाड़ी
प्रधानमंत्री ने टी-20 वर्ल्ड कप का उल्लेख करते हुए कहा कि कई देशों की टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कनाडा टीम के कप्तान का जन्म पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था, जबकि अमेरिका टीम के कप्तान मोनांक पटेल गुजरात की अंडर-16 और अंडर-18 टीमों से खेल चुके हैं। ओमान, इटली और यूएई की टीमों में भी भारतीय मूल के खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
अंगदान को बताया ‘महादान’
प्रधानमंत्री ने केरल की 10 महीने की बच्ची आलीन का जिक्र करते हुए कहा कि उसके माता-पिता ने दुख की घड़ी में अंगदान का निर्णय लेकर कई लोगों को नया जीवन दिया। उन्होंने दिल्ली की लक्ष्मी देवी और राजस्थान के सीकर निवासी रामदेव के उदाहरण देते हुए बताया कि हार्ट और किडनी ट्रांसप्लांट ने उनकी जिंदगी बदल दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है, लेकिन अभी भी इसकी बड़ी जरूरत है।
‘राजाजी उत्सव’ का आयोजन
प्रधानमंत्री ने बताया कि 23 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में ‘राजाजी उत्सव’ मनाया जाएगा और स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय गवर्नर-जनरल सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा का अनावरण होगा। उन्होंने कहा कि यह कदम औपनिवेशिक प्रतीकों से आगे बढ़कर देश के महान व्यक्तित्वों को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
डिजिटल फ्रॉड से सावधान रहने की अपील
प्रधानमंत्री ने डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने लोगों से अपील की कि बैंक से जुड़े KYC या री-KYC के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल या संदेशों से सावधान रहें और निजी जानकारी साझा न करें।