भाजपा नेता समेत तीन गिरफ्तार, खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए थे करंट वाले तार; जब्त फसल नष्ट करने की तैयारी
दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत से करोड़ों रुपए की अफीम जब्त होने के बाद अब फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है, जबकि जब्त की गई फसल को वैधानिक प्रक्रिया के तहत नष्ट करने की तैयारी की जा रही है।
दुर्ग-भिलाई। जिले के समोदा और झेनझरी गांव में सामने आए अवैध अफीम खेती के मामले में पुलिस ने जांच और कार्रवाई तेज कर दी है। करीब 7.88 करोड़ रुपए कीमत की अफीम जब्त किए जाने के बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में अब तक भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों के मोबाइल फोन बंद होने के कारण उनकी लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है। इसके बावजूद संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
इस मामले में पुलिस ने जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा और झेनझरी गांव में करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर लगी अफीम की खेती का खुलासा किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 62 हजार किलो अफीम के पौधे उखाड़े गए, जिन्हें चार ट्रैक्टरों में भरकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। पर्यावरण विभाग से अनुमति मिलने के बाद पैनल की मौजूदगी में पूरी फसल को नष्ट किया जाएगा।

जांच में यह भी सामने आया है कि अफीम के खेत की सुरक्षा के लिए शिवनाथ नदी की ओर लगी फेंसिंग में गेट के पास करंट वाले तार जोड़े गए थे, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति खेत में प्रवेश न कर सके। खेत के सामने की ओर निगरानी के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे।
कार्रवाई के दौरान खेत से अफीम के पौधों को उखाड़ने में पुलिस जवानों के साथ बुलडोजर और मनरेगा के मजदूरों की मदद ली गई थी। पूरी फसल को हटाने में कई दिनों का समय लगा।
इसी बीच पुलिस ने विकास बिश्नोई के घर और गोदाम में भी छापेमारी की, जहां से 10 ग्राम अफीम, 200 ग्राम खसखस, अफीम के बीज, चीरा लगाने वाले औजार, सात बोरी डोडा, एक ट्रैक्टर और एक जेसीबी जब्त की गई। पुलिस का कहना है कि इनका इस्तेमाल अफीम की खेती और उससे जुड़े कार्यों में किया जा रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। यदि जांच में और नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।