शंकरा विहार कॉलोनी में 5 एकड़ जमीन पर हो रही थी गैरकानूनी प्लाटिंग, आरोपियों के खिलाफ FIR की तैयारी
रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। निगम आयुक्त के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर बनाई गई कच्ची सड़कों और अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। मामले में संबंधित भू-माफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
रायपुर। राजधानी के भाठागांव इलाके में अवैध प्लाटिंग करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन क्रमांक-6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को ध्वस्त कर दिया।
निगम अधिकारियों के अनुसार शंकरा विहार नाम से करीब पांच एकड़ से अधिक जमीन पर अवैध प्लाटिंग किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद निगम की टीम ने मौके पर जांच की, जिसमें बिना वैधानिक अनुमति के प्लाटिंग कर सड़कों और अन्य ढांचों का निर्माण किए जाने की पुष्टि हुई।
कार्रवाई के दौरान बुलडोजर की मदद से प्लाटिंग क्षेत्र में बनाई गई मुरुम की सड़कों को काटकर हटाया गया। यह कार्रवाई हल्का नंबर 105/60 के अंतर्गत आने वाली जमीन पर की गई, जिसमें खसरा नंबर 940/1, 940/2, 940/4, 940/8, 940/9, 940/10, 941/1, 941/2, 941/3, 944/1 और 944/2 शामिल हैं।
निगम अधिकारियों के मुताबिक इस अवैध प्लाटिंग में भारत और कौशल नामक व्यक्तियों की भूमिका सामने आई है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए तहसीलदार को पत्र लिखकर संबंधित जमीन की अधिकृत जानकारी मांगी गई है।
निगम का कहना है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य जानकारी मिलने के बाद बिना अनुमति प्लाटिंग कर सड़कें और अन्य संरचनाएं तैयार करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने बताया कि भाठागांव क्षेत्र में शंकरा विहार के नाम से अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के बाद सोमवार को बुलडोजर की कार्रवाई कर मुरुम सड़क को हटाया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।