1998 बैच के अधिकारी, देशभर के 30 आईपीएस अफसरों की सूची में शामिल; वर्तमान में राज्य के एडीजी इंटेलिजेंस
छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित कुमार को केंद्र सरकार ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रैंक के पदों के लिए इम्पैनल किया है। 1998 बैच के इस अधिकारी का नाम देशभर के 30 आईपीएस अधिकारियों की सूची में शामिल है, जिन्हें केंद्र में एडीजी या समकक्ष पदों पर तैनाती के लिए चुना गया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 1998 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित कुमार को केंद्र सरकार ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रैंक के लिए इम्पैनल कर लिया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ पुलिस में एडीजी इंटेलिजेंस के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी जनवरी 2024 में सौंपी गई थी। केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 1998 बैच के कुल 30 आईपीएस अधिकारियों को एडीजी अथवा समकक्ष पदों के लिए पैनल में शामिल किया गया है। इस सूची में अमित कुमार का नाम भी प्रमुख रूप से शामिल है। इम्पैनलमेंट के बाद यदि उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति होती है, तो उन्हें केंद्र सरकार में एडीजी रैंक के पद पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। इसे छत्तीसगढ़ कैडर के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

अमित कुमार इससे पहले भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्य कर चुके हैं। राज्य में अपनी सेवा के दौरान उन्होंने रायपुर, राजनांदगांव, बीजापुर, जांजगीर-चांपा और दुर्ग जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारी संभाली है। इन जिलों में उनके कार्यकाल को सख्त प्रशासनिक शैली और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए जाना जाता है।
ईमानदार कार्यशैली और उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें जनवरी 2025 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ पुलिस में अमित कुमार को अनुभवी, कुशल और प्रभावी अधिकारियों में गिना जाता है।