मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश—संभावित क्षेत्रों का सर्वे कर बताएं जिले में कहीं भी अफीम की खेती तो नहीं
प्रदेश में अवैध रूप से अफीम की खेती की आशंका के बीच मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को संभावित क्षेत्रों का सर्वे कर 15 दिनों के भीतर प्रमाण पत्र सहित विस्तृत जांच रिपोर्ट शासन को सौंपने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर। राज्य में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित स्थानों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि कहीं भी अवैध रूप से अफीम की खेती हो रही हो तो उसका पता लगाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के किसी भी हिस्से में अवैध अफीम की खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे राजस्व और संबंधित विभागों के माध्यम से जांच कर 15 दिनों के भीतर प्रमाण पत्र सहित विस्तृत रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत करें, जिसमें यह उल्लेख हो कि जिले में अफीम की अवैध खेती नहीं की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन और कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में आयुक्त भू-अभिलेख ने राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर सर्वेक्षण कराने और जांच रिपोर्ट के साथ जिले में अफीम की खेती नहीं होने संबंधी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।