अनजान लिंक, एपीके फाइल या व्हाट्सएप मैसेज से दूर रहने की सलाह; केवल अधिकृत माध्यमों से ही करें भुगतान
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर बढ़ती साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध संदेश पर क्लिक करने से बचें और केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही भुगतान करें।
रायपुर। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत पंजीयन और भुगतान की प्रक्रिया को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने उपभोक्ताओं को साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील की है। कंपनी ने कहा है कि योजना के नाम पर भेजे जाने वाले किसी भी अनजान व्हाट्सएप मैसेज, ईमेल, एसएमएस लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक न करें।
पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह के अनुसार कंपनी अपनी किसी भी योजना या सेवा के लिए उपभोक्ताओं को एपीके फाइल अथवा किसी बाहरी वेब लिंक नहीं भेजती है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार का लिंक भेजता है तो उससे सावधान रहना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी और लाभ आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए पॉवर कंपनी द्वारा मैदानी स्तर पर शिविर भी लगाए जाएंगे। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे बिजली बिल या पंजीयन राशि का भुगतान केवल मोर बिजली मोबाइल एप, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी सेंटर या नजदीकी विद्युत कार्यालय में ही करें।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी मैदानी कर्मचारी को नकद भुगतान न करें। पंजीयन राशि का भुगतान केवल मोर बिजली एप, एटीपी केंद्र और संबंधित विद्युत कार्यालय के माध्यम से ही किया जा सकता है।
पॉवर कंपनी अपने उपभोक्ताओं को बिजली बिल या अन्य सूचनाएं केवल CSPDCL-S सेंडर आईडी से ही भेजती है। यदि किसी अन्य स्रोत से संदेश प्राप्त होता है तो उसकी सत्यता की जांच अवश्य कर लें।
उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए पॉवर कंपनी के केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क करने या नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में जानकारी लेने की सलाह दी गई है।