19 से 27 मार्च तक मिलेगी विशेष रेल सुविधा, मेमू ट्रेनों का विस्तार और स्पेशल ट्रेन भी चलेगी
चैत्र नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। 19 से 27 मार्च तक डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को बड़ी राहत मिलेगी।
रायपुर। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष 19 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित होने वाले नवरात्रि मेले को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोका जाएगा। इस व्यवस्था से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधे डोंगरगढ़ पहुंचने में आसानी होगी और उन्हें अन्य स्टेशनों से अतिरिक्त यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
जिन प्रमुख ट्रेनों का इस अवधि में ठहराव रहेगा उनमें बिलासपुर–भगत की कोठी, भगत की कोठी–बिलासपुर, बिलासपुर–बीकानेर, बीकानेर–बिलासपुर, बिलासपुर–चेन्नई, चेन्नई–बिलासपुर, बिलासपुर–पुणे, पुणे–बिलासपुर, रायपुर–सिकंदराबाद और सिकंदराबाद–रायपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके साथ ही स्थानीय यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ मेमू ट्रेनों के संचालन में भी अस्थायी बदलाव किया गया है। गोंदिया–दुर्ग मेमू पैसेंजर ट्रेन को रायपुर तक विस्तारित किया गया है, जबकि रायपुर–डोंगरगढ़ मेमू ट्रेन का विस्तार गोंदिया तक किया गया है। इससे रायपुर, दुर्ग, गोंदिया और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।
नवरात्रि के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डोंगरगढ़ और दुर्ग के बीच एक मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा तथा स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन को भी सुचारु रखा जाएगा।