हरियाणा, बिहार और ओडिशा में मुकाबला; चुनाव के बाद एनडीए को बढ़त मिलने के आसार
राज्यसभा की रिक्त सीटों के लिए सोमवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया। देश के 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 सीटों पर मतदान हो रहा है।
नई दिल्ली (ए)। राज्यसभा चुनाव के तहत सोमवार सुबह 9 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। देश के 10 राज्यों की कुल 37 सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव में 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि तीन राज्यों की 11 सीटों पर मुकाबला जारी है।
हरियाणा, बिहार और ओडिशा में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। मौजूदा समीकरणों के अनुसार चुनाव के बाद राज्यसभा में राजनीतिक संतुलन में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को लगभग आठ सीटों का फायदा मिल सकता है।
बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के आधार पर पांच राज्यसभा सीटों के लिए छह उम्मीदवार मैदान में हैं। संख्याबल के हिसाब से एनडीए की चार सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि पांचवीं सीट पर मुकाबला रोचक हो सकता है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी पहली बार राज्यसभा पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
ओडिशा में चार सीटों के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा के दो उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि बीजेडी ने दो प्रत्याशी उतारे हैं। चौथी सीट को लेकर मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है और क्रॉस वोटिंग की स्थिति में परिणाम बदलने की संभावना भी जताई जा रही है।
हरियाणा में दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा के प्रत्याशी की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट पर मुकाबला बना हुआ है। यहां कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपने-अपने विधायकों की बाड़बंदी कर रखी है ताकि क्रॉस वोटिंग की स्थिति से बचा जा सके।
इस बीच कई राज्यों में राजनीतिक दलों ने अपने विधायकों को रिजॉर्ट और होटलों में ठहराकर एकजुट रखने की रणनीति अपनाई है। माना जा रहा है कि मतदान के नतीजे आने के बाद राज्यसभा की मौजूदा संख्या में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।