तालिबान बोला– नशा मुक्ति अस्पताल पर गिराए बम • पाकिस्तान ने आरोपों को बताया निराधार
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार रात जोरदार धमाकों के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक कर कई इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। हमले में सैकड़ों लोगों के मारे जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज किया है।
काबुल (ए)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार देर रात हुए भीषण हमलों ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है। तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने एयरस्ट्राइक कर राजधानी के कई इलाकों को निशाना बनाया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हमले में लगभग 400 लोगों की मौत होने और 250 से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

राजधानी के कई इलाकों में धमाके
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काबुल के दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के आसपास देर रात कई तेज धमाके सुने गए। धमाकों के बाद कुछ क्षेत्रों में गोलीबारी की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तालिबान का गंभीर आरोप
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी वायुसेना ने काबुल में स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र और आसपास के इलाकों पर बम गिराए। उन्होंने इस हमले को “मानवता के खिलाफ अपराध” करार देते हुए कहा कि यह अफगानिस्तान की संप्रभुता और एयरस्पेस का उल्लंघन है।
पाकिस्तान ने आरोपों को नकारा
वहीं पाकिस्तान सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने कहा कि काबुल में किसी अस्पताल या नागरिक ढांचे को निशाना नहीं बनाया गया है और तालिबान के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
बढ़ सकता है क्षेत्रीय तनाव
घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी हालात पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। काबुल में हुए इन हमलों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने शहर के कई इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हुए हैं।