7 मई को होगी परीक्षा, 17 अप्रैल तक आवेदन का मौका; छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में बनेंगे परीक्षा केंद्र
तकनीकी शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने प्री-पॉलीटेक्निक टेस्ट (PPT) 2026 के लिए आवेदन और परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य के पॉलीटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। संचालनालय तकनीकी शिक्षा द्वारा प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा (PPT) 2026 की पूरी समय-सारणी जारी कर दी गई है। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के विभिन्न पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 17 अप्रैल 2026 की शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। जिन अभ्यर्थियों से आवेदन के दौरान कोई त्रुटि हो जाती है, वे 18 से 20 अप्रैल 2026 के बीच उसमें सुधार कर सकेंगे।
परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 27 अप्रैल 2026 को व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाने की संभावना है। परीक्षा का आयोजन 7 मई 2026 (गुरुवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक किया जाएगा।
यह परीक्षा राज्य के सभी 33 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों को अपने नजदीकी केंद्र पर परीक्षा देने की सुविधा मिलेगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, जिसके लिए अभ्यर्थियों को व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर फॉर्म भरना होगा।
आवेदन के दौरान परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना अनिवार्य रहेगा। विशेष बात यह है कि छत्तीसगढ़ शासन के नियमों के अनुसार राज्य के स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने पर उनका शुल्क वापस कर दिया जाएगा। यह राशि उसी बैंक खाते में लौटाई जाएगी, जिससे भुगतान किया गया है।
व्यापम अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी पात्रता, पाठ्यक्रम और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।