CRPF पोस्ट पर फायरिंग में शामिल था आतंकी, वीडियो कॉल कर दिया था आत्मसमर्पण का मौका; 15 लाख रुपए का था इनाम
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया। वह जंगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने स्थानीय लोगों की मदद से वीडियो कॉल के जरिए उसे आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। लतीफ पर 15 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को घेर लिया। जानकारी के मुताबिक, वह जंगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे बाहर निकालने और जान बचाने का मौका देने के लिए स्थानीय लोगों के माध्यम से वीडियो कॉल पर बातचीत की। उसे भरोसा दिलाया गया कि वह आत्मसमर्पण कर सकता है और सुरक्षाबल उसकी मदद करेंगे। हालांकि, लतीफ ने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया। उसने बातचीत में कहा कि वह अल्लाह से मिलना चाहता है और आत्मसमर्पण नहीं करेगा। इसके बाद हुई कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया।
CRPF पोस्ट पर हमले में था शामिल
लतीफ भट अपने साथी निसार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में सीआरपीएफ पोस्ट पर हुई गोलीबारी में शामिल था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। दो दिन पहले भी सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लतीफ घायल हुआ था, लेकिन वह बच निकलने में कामयाब रहा। वह कुलगाम और अनंतनाग में इस साल हुए कई हमलों में भी शामिल बताया गया था।
2025 में घर छोड़कर बना था आतंकी
22 वर्षीय लतीफ कुलगाम के ख्रेवां चादेर (अशमुजी) का निवासी था। वह 2025 की शुरुआत में घर से लापता हो गया था। परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी नेटवर्क टीआरएफ में शामिल कराया था। लतीफ ने सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद कुछ समय सरकारी डिग्री कॉलेज में अध्ययन किया और फिर बढ़ई का काम करने लगा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी या सूचना देने के लिए 15 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।