मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर बदला ग्रीष्मकालीन अवकाश, पहले 1 मई से शुरू होना था अवकाश
प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों को पूर्व निर्धारित तिथि से पहले लागू कर दिया गया है।
रायपुर। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव के बीच राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों के हित में अहम निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में संशोधन करते हुए छुट्टियां अब 20 अप्रैल से लागू करने का आदेश जारी किया है।
पहले यह अवकाश 1 मई से 15 जून तक निर्धारित था, लेकिन मौसम की तीव्रता को देखते हुए इसे पहले शुरू करने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सेहत और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस कठिन दौर में बच्चों को राहत देना आवश्यक है, ताकि वे लू और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से सुरक्षित रह सकें।
स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार संशोधित अवकाश 20 अप्रैल से 15 जून तक प्रभावी रहेगा। यह आदेश प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर-अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।
सरकार के इस फैसले को अभिभावकों और शिक्षा जगत से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, वहीं इसे बच्चों के स्वास्थ्य की दृष्टि से समयोचित कदम माना जा रहा है।