आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन मिलेंगे टिकट, 2000 रुपए से शुरू होंगी कीमतें
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर आईपीएल के रोमांच का गवाह बनने जा रही है। शहर में 10 और 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों के लिए टिकट बुकिंग 3 मई से शुरू होने की संभावना है, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है।
रायपुर। राजधानी रायपुर के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दो हाईवोल्टेज मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों की टिकट बुकिंग रविवार 3 मई से शुरू होने की संभावना है। जल्द ही इसे लेकर आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
पहला मुकाबला 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार आरसीबी की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और करीब छह दिनों तक शहर में डेरा डालेगी। इस दौरान टीम स्टेडियम में अभ्यास सत्र भी करेगी। वहीं मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रायपुर पहुंचेंगी।
टिकट केवल आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। टिकट की शुरुआती कीमत लगभग 2000 रुपए रखी जा सकती है। इसके अलावा 2500, 3500, 5000 और 8000 रुपए तक की विभिन्न श्रेणियों में टिकट उपलब्ध रहने की संभावना है।
दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्लैटिनम सीटों के सामने लगे कांच के पैनल अस्थायी रूप से हटा दिए गए हैं, जिससे फैंस खिलाड़ियों को और करीब से देख सकेंगे। मैच समाप्त होने के बाद सुरक्षा कारणों से इन्हें दोबारा लगाया जाएगा।