डी-माइनिंग और एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की साजिश नाकाम, घायलों का इलाज जारी
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर शनिवार को सुरक्षा बलों के अभियान के दौरान IED ब्लास्ट हो गया। विस्फोट की चपेट में डीआरजी के तीन जवान घायल हो गए। जवान डी-माइनिंग और सर्च ऑपरेशन पर निकले थे, तभी नक्सलियों द्वारा लगाए गए विस्फोटक में धमाका हुआ।
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर शनिवार को नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED में विस्फोट हो गया। घटना में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान घायल हो गए। सभी घायलों को मौके से सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र से लगे सीमावर्ती जंगल इलाके में सुरक्षा बल डी-माइनिंग, एरिया डॉमिनेशन और सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान जवान माइन डिटेक्शन का कार्य कर रहे थे, तभी पहले से प्लांट किए गए IED में विस्फोट हो गया।
ब्लास्ट में कांकेर डीआरजी के तीन जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। आशंका है कि नक्सलियों ने फोर्स को नुकसान पहुंचाने की नीयत से रास्ते में विस्फोटक लगाया था। घायल जवानों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के मुताबिक सभी जवान खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑपरेशन के दौरान IED ब्लास्ट हुआ है, जिसमें तीन जवान घायल हुए हैं। क्षेत्र में सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी है।