राजीव गांधी स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे मुकाबला, सीजन में दूसरी भिड़ंत; KKR वापसी की तलाश में
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रविवार को डबल हेडर मुकाबलों की शुरुआत सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच से होगी। शानदार फॉर्म में चल रही हैदराबाद लगातार छठी जीत के इरादे से उतरेगी, जबकि कोलकाता जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी।
स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल में रविवार को क्रिकेट प्रेमियों को डबल हेडर का रोमांच देखने मिलेगा। दिन के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा।
सीजन में दोनों टीमों की यह दूसरी भिड़ंत होगी। पिछली टक्कर में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता को 65 रन से हराया था। ऐसे में हैदराबाद एक बार फिर जीत दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
हैदराबाद शानदार फॉर्म में
सनराइजर्स हैदराबाद इस समय अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। टीम ने 9 मुकाबलों में 6 जीत दर्ज की है और लगातार पांच मैच जीतकर जबरदस्त लय हासिल की है। घरेलू मैदान पर टीम का आत्मविश्वास भी ऊंचा है।
वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन अब तक उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। टीम 8 मैचों में केवल 2 जीत के साथ तालिका में आठवें स्थान पर है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए कोलकाता के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।
हेड-टू-हेड में कोलकाता आगे
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 31 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 19 मैच जीते हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को 11 जीत मिली हैं। एक मुकाबला टाई रहा, जिसे सुपर ओवर में कोलकाता ने अपने नाम किया था। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले हुए हैं। इनमें हैदराबाद को 3 और कोलकाता को 4 मैचों में जीत मिली है।
अभिषेक और मलिंगा पर नजरें
हैदराबाद के लिए इस सीजन अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 9 मैचों में 425 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 209.35 का रहा है।
गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने प्रभावित किया है। उन्होंने 9 मुकाबलों में 15 विकेट लेकर टीम को कई अहम सफलताएं दिलाई हैं।
रिंकू और कार्तिक से उम्मीद
कोलकाता की बल्लेबाजी में रिंकू सिंह अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 215 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका स्ट्राइक रेट 141.44 का रहा है। गेंदबाजी विभाग में कार्तिक त्यागी ने 8 मुकाबलों में 9 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है। कोलकाता को जीत दर्ज करने के लिए इन खिलाड़ियों से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।