सुवेंदु अधिकारी विधायकों संग दिल्ली रवाना, ममता बनर्जी आज करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस; पांच राज्यों के नतीजों से बदला सियासी समीकरण
पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों ने देश की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है। बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनाने की स्थिति में है, जबकि असम में सत्ता बरकरार और केरल-तमिलनाडु में अलग-अलग राजनीतिक संदेश सामने आए हैं।
गुवाहाटी (ए)। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार गठन की ओर बढ़ रही है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के अनुसार नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा, जो गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। हालांकि मुख्यमंत्री के नाम और समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
इधर, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी नवनिर्वाचित विधायकों के साथ दिल्ली रवाना होंगे, जहां वे केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर सरकार गठन की रणनीति पर चर्चा करेंगे। दूसरी ओर, निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया देंगी। भवानीपुर सीट से हार के बाद ममता ने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं।
असम में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में लौट रही है, जबकि केरल में कांग्रेस को जीत मिली है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम सामने आए हैं। ‘लॉटरी किंग’ सैंटियागो मार्टिन के परिवार के तीन सदस्य अलग-अलग दलों से चुनाव जीतकर चर्चा में हैं।
इन चुनावों के परिणामों के बाद देश की करीब 78 प्रतिशत आबादी और 72 प्रतिशत भूभाग पर भाजपा और उसके सहयोगियों का प्रभाव हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नतीजों ने विपक्षी दलों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं, जहां अब उनकी लड़ाई सत्ता से ज्यादा अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने की हो गई है।