10 मई के मैच के लिए 2500 की टिकट मिनटों में सोल्ड आउट; 10वीं-12वीं टॉपर्स को मिलेगी मुफ्त एंट्री
राजधानी में IPL का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है। 10 मई को होने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के मुकाबले के लिए टिकट बिक्री शुरू होते ही दर्शकों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया, वहीं मेधावी छात्रों के लिए फ्री एंट्री का ऐलान इस आयोजन को खास बना रहा है।
रायपुर। राजधानी रायपुर में होने वाले IPL मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मुकाबले के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में 2500 रुपए की शुरुआती श्रेणी की सभी टिकटें सोल्ड आउट हो गईं।
टिकट बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है, जहां दर्शक आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपनी सीट आरक्षित कर सकते हैं। वर्तमान में 3300 रुपए से 8000 रुपए तक की टिकटें उपलब्ध हैं, जिनकी बिक्री भी तेजी से जारी है।
इस आयोजन को खास बनाते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में स्थान पाने वाले छात्रों के लिए मुफ्त एंट्री की घोषणा की है। इससे मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही IPL का रोमांच भी करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
12 मई के मुकाबले के लिए आज से बुकिंग:
10 मई के बाद 12 मई को भी रायपुर में एक और बड़ा मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। इस मैच के लिए टिकट बुकिंग 4 मई से शुरू कर दी गई है।
टीमों का आगमन और तैयारी:
जानकारी के मुताबिक RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और लगभग छह दिनों तक यहां रुककर अभ्यास करेगी। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम भी इसी दौरान शहर पहुंच सकती है।
QR कोड से एंट्री, नहीं मिलेगा फिजिकल टिकट:
इस बार मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए जा रहे हैं। दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए QR कोड दिखाना होगा, जो मैच के दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही एक्टिव होगा। आयोजकों के अनुसार यह व्यवस्था सुरक्षा और फर्जी एंट्री रोकने के लिए लागू की गई है।
गेट टाइमिंग और जरूरी निर्देश:
स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे से खुलेंगे और दर्शकों को अपने टिकट में निर्धारित गेट से ही प्रवेश करना होगा। एक बार बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, 2 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट अनिवार्य किया गया है। एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार टिकट ही खरीदे जा सकते हैं।