शादी में गया था परिवार, ताला तोड़कर घुसे चोर; CCTV नहीं होने से जांच में बढ़ी मुश्किलें
भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी को अंजाम दिया। परिवार के शादी समारोह में जाने का फायदा उठाकर बदमाशों ने घर को खंगाल डाला।
भिलाई। शहर के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर पश्चिम की एक पॉश कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना सोमवार दोपहर से देर रात के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मकान मालिक विनय कुमार अग्रवाल अपने परिवार के साथ अम्रपाली सोसायटी में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाते हुए चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर घुसकर पूरे घर की तलाशी ली। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी को समेटकर आरोपी फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 45 से 50 लाख रुपये तक के जेवरात चोरी हुए हैं, हालांकि वास्तविक नुकसान इससे अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार देर रात करीब 2 बजे घर लौटा और मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
इस वारदात में एक बड़ी चुनौती यह भी है कि मकान और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, जिससे आरोपियों की पहचान में कठिनाई आ रही है, लेकिन पुलिस की जांच में कुछ क्लू मिले हैं जिससे पुलिस को चोरी का खुलासा करने में बड़ी आसानी होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।