2 से 4 नवंबर तक होनी थी परीक्षा, आयोग ने अपरिहार्य कारण बताकर किया स्थगित; इससे पहले 24 से 26 अक्टूबर की तारीख भी बदली गई थी
छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को एक बार फिर परीक्षा संबंधी अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षक भर्ती परीक्षा के बाद अब सूबेदार, उप निरीक्षक (एसआई) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने मंगलवार को इसकी सूचना जारी की। मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए 7,301 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। फिलहाल आयोग ने नई तारीखों की घोषणा नहीं की है।
दो बार बदली तारीख, अब परीक्षा स्थगित
सीजीपीएससी की ओर से पहले मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर की तारीखें संभावित थीं। बाद में परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करते हुए इसे 2, 3 और 4 नवंबर के लिए निर्धारित किया गया। अब इन तारीखों पर भी परीक्षा नहीं होगी। आयोग ने स्थगन के पीछे अपरिहार्य कारणों का उल्लेख किया है, लेकिन कारणों का विस्तृत विवरण नहीं दिया है। नई समय-सारिणी अलग से जारी की जाएगी।
लगातार परीक्षा कार्यक्रम बदलने से अभ्यर्थियों की तैयारी और आगे की रणनीति प्रभावित हो रही है। अभ्यर्थियों को अब आयोग की अगली सूचना का इंतजार करना होगा।
341 पदों के लिए हुई थी भर्ती प्रक्रिया
सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के कुल 341 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी। यह परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में कराई गई थी। इसके लिए 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। आयोग ने 4 अगस्त को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था, जिसमें 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया।
दूसरी परीक्षाएं भी स्थगित होने से बढ़ी चिंता
प्रदेश में हाल के दिनों में अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के कार्यक्रम को लेकर भी अनिश्चितता सामने आई है। 10 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा और सीजीपीएससी-2025 की परीक्षा पर रोक लगने की खबर सामने आई थी। शिक्षक भर्ती परीक्षा के मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के बाद रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था। इसके बाद बिलासपुर में अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया था। लगातार सामने आ रहे इन घटनाक्रमों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की चिंता बढ़ा दी है।
प्रारंभिक परिणाम के बाद नामों को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद चयन सूची में दर्ज कुछ नामों को लेकर विवाद भी हुआ था। सोशल मीडिया पर सूची प्रसारित होने के बाद ‘NEWS’, ‘SPACE RANI’, ‘HE RAM’ और ‘BHAKT PRAHLAD’ जैसे नाम चर्चा में आए थे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ नामों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
विवाद के बाद आयोग ने स्पष्ट किया था कि चयन सूची में नाम अभ्यर्थियों की ओर से ऑनलाइन आवेदन में भरी गई जानकारी के अनुसार दर्ज किए गए हैं। ‘NEWS’ नाम से चयनित न्यूज कुमार प्रधान सहित कुछ अभ्यर्थियों ने भी वीडियो जारी कर अपने नाम और दस्तावेजों के संबंध में सफाई दी थी। अब मुख्य परीक्षा स्थगित होने के बाद अभ्यर्थियों की नजर आयोग की नई तारीखों पर है।