पत्नी पर शक के चलते ससुराल में ताबड़तोड़ फायरिंग, आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
रायपुर के मोवा इलाके में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां नशे में धुत एक बाउंसर ने ससुराल पहुंचकर अपनी दो सालियों पर गोली चला दी। दोनों युवतियों की मौत हो गई है। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने दो जिंदगियों को खत्म कर दिया। मोवा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक बाउंसर ने अपनी पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचकर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस हमले में उसकी दोनों सालियों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, आरोपी जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार को भी विवाद के बाद पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके चली गई थी। पत्नी से संपर्क न हो पाने पर आरोपी नशे की हालत में ससुराल पहुंच गया।
रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच वह मोवा बाजार स्थित ससुराल पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। इस दौरान उसकी सालियां गीतांजलि वर्मा (26) और दुर्गेश्वरी वर्मा (24) बाहर आईं और उसे समझाकर वापस जाने के लिए कहा।
बताया जा रहा है कि इसी बात से गुस्साए आरोपी ने अचानक पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गोली दुर्गेश्वरी की पीठ में लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि घर के बाहर निकलकर सड़क पर हवाई फायरिंग की और सीधे थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। पड़ोसियों ने भी बताया कि आरोपी अक्सर अपनी पत्नी पर शक करता था, जिसके चलते घर में विवाद होते रहते थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।