प्रथम वाहिनी छसबल मुख्यालय में जनरल परेड, जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और तकनीकी दक्षता का दिया संदेश
प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) भिलाई मुख्यालय में आयोजित जनरल परेड के दौरान उप पुलिस महानिरीक्षक एवं सेनानी राजेश कुकरेजा ने जवानों को अनुशासन, सजगता और समर्पण के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बदलती चुनौतियों के दौर में जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से सदैव तैयार रहना होगा।
भिलाई। प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) मुख्यालय के परेड ग्राउंड में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना को लेकर विशेष जोर दिया गया। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं सेनानी श्री राजेश कुकरेजा ने परेड का निरीक्षण कर जवानों की कार्यकुशलता, सजगता और ड्रिल प्रदर्शन की सराहना की।

जनरल परेड में पाइप बैंड, रिफ्रेशर कोर्स और बैंड प्रमोशन कोर्स में शामिल जवानों सहित कुल 170 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। परेड की शुरुआत सेनानी को सलामी देकर की गई, जिसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए जवानों के टर्नआउट, अनुशासन और प्रशिक्षण स्तर का अवलोकन किया।

जवानों को संबोधित करते हुए श्री कुकरेजा ने कहा कि अनुशासन किसी भी सुरक्षा बल की आधारशिला है। उन्होंने जवानों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक जवान को शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत रहना आवश्यक है।
सेनानी ने जवानों को ड्यूटी के प्रति हर समय सजग और तत्पर रहने, नियमित व्यायाम एवं प्रशिक्षण को दिनचर्या का हिस्सा बनाने, आम नागरिकों के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा आधुनिक तकनीकों एवं उपकरणों की जानकारी से स्वयं को लगातार अपडेट रखने के निर्देश दिए।

परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। श्री कुकरेजा ने पुलिस बैंड दस्ते के कार्यों की सराहना करते हुए परिवहन शाखा का निरीक्षण किया और वाहन चालकों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने, आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के अनुरूप अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को दैनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। कार्यक्रम में सहायक सेनानी श्री जयलाल मरकाम, सहायक सेनानी श्री संतोष झारिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।