कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में हजारों छात्र-युवा सड़कों पर; ‘हिट’ लेकर पहुंचे विरोधी को प्रदर्शनकारियों ने हटाया
नई दिल्ली (ए)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे पर शनिवार को राजधानी के जंतर-मंतर पर बड़ा जनप्रदर्शन देखने को मिला। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हजारों छात्र, युवा और अभिभावक शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। विशेष रूप से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलनकारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी ने आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया।
इस आंदोलन की अगुवाई कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचकर उन्होंने प्रदर्शन में हिस्सा लिया और छात्रों के साथ एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।

प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम भी देखने को मिला। एक व्यक्ति कॉकरोच मारने वाले स्प्रे ‘हिट’ के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गया। इसे आंदोलन का विरोध माना गया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने उसे मौके से बाहर कर दिया। घटना को लेकर कुछ देर तक हलचल रही, हालांकि स्थिति जल्द सामान्य हो गई।
उधर, आंदोलन की बढ़ती चर्चा और संभावित भीड़ को देखते हुए अभिजीत दीपके के महाराष्ट्र स्थित निवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। छत्रपति संभाजीनगर के वलूज क्षेत्र स्थित उनके घर पर पहले एक सुरक्षाकर्मी तैनात था, लेकिन अब एक अधिकारी समेत दस पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
जंतर-मंतर पर जारी इस प्रदर्शन को लेकर छात्र संगठनों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक परीक्षाओं में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।