दिल्ली में 14.2 किलो का सिलेंडर अब ₹942 में मिलेगा, तेल कंपनियों ने बढ़ती लागत और घाटे को बताया वजह
देशभर के उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर के दामों में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें शनिवार रात से लागू हो गई हैं। इसके साथ ही तीन महीने के भीतर घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कुल ₹89 का इजाफा हो चुका है, जिससे आम परिवारों का मासिक बजट प्रभावित होने की आशंका है।
नई दिल्ली (ए)। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर एक बार फिर महंगा हो गया है। तेल विपणन कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में ₹29 की वृद्धि की है। नई दरें लागू होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर ₹942 हो गई है। इससे पहले मार्च में सिलेंडर के दाम ₹60 बढ़ाए गए थे। लगातार दूसरी बार हुई बढ़ोतरी के बाद तीन माह में घरेलू गैस ₹89 महंगी हो चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी और घरेलू बिक्री पर हो रहे घाटे के कारण तेल कंपनियों ने यह निर्णय लिया है। कंपनियों का दावा है कि घरेलू LPG की बिक्री पर उन्हें प्रति सिलेंडर लगभग ₹703 का नुकसान उठाना पड़ रहा था। ताजा मूल्य वृद्धि के बावजूद घाटे की केवल आंशिक भरपाई ही हो सकेगी।
सरकार ने इससे पहले अप्रैल 2025 में भी घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में ₹50 की वृद्धि की थी। वहीं, मार्च 2026 में कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें भी ₹31 तक बढ़ाई गई थीं। पांच किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर के दामों में भी ₹11 का इजाफा किया गया है, जिसके बाद इसकी कीमत ₹821.50 हो गई है।
पेट्रोल-डीजल और CNG भी हुए महंगे
घरेलू गैस से पहले पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते कुछ सप्ताह में पेट्रोल और डीजल के दाम करीब ₹7.50 प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं, जबकि सीएनजी लगभग ₹6 प्रति किलोग्राम महंगी हुई है। तेल कंपनियों का कहना है कि बढ़ी हुई कीमतों के बावजूद पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ऐसे तय होती है LPG की कीमत
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत तय करने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की दरें, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, आयात व परिवहन लागत, बॉटलिंग और वितरण खर्च के साथ-साथ सरकार की कर एवं सब्सिडी नीतियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इन सभी कारकों को ध्यान में रखते हुए तेल कंपनियां समय-समय पर कीमतों की समीक्षा करती हैं।