Oplus_131072
केंद्र सरकार से मिली मंजूरी, RBI 200 करोड़ पॉलिमर नोट छापेगा; सफल ट्रायल के बाद नियमित जारी करने की योजना
देश में करेंसी व्यवस्था को अधिक टिकाऊ और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही ₹10 और ₹20 मूल्यवर्ग के पॉलिमर (प्लास्टिक) नोटों का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करेगा। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद पहले चरण में 200 करोड़ नोट छापे जाएंगे। ट्रायल सफल रहने पर इन नोटों को नियमित रूप से चलन में लाने की तैयारी है, जबकि मौजूदा कागजी नोट भी पहले की तरह वैध बने रहेंगे।
नई दिल्ली । ए। देश में जल्द ही प्लास्टिक से बने बैंक नोटों की शुरुआत होने जा रही है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ₹10 और ₹20 के पॉलिमर बैंक नोटों के पायलट प्रोजेक्ट की तैयारी शुरू कर दी है। इस परियोजना के तहत दोनों मूल्यवर्ग के 100-100 करोड़, यानी कुल 200 करोड़ पॉलिमर नोट छापे जाएंगे।
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को लोकसभा में जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है। हालांकि, पायलट प्रोजेक्ट कब शुरू होगा, इसकी तारीख अभी तय नहीं की गई है।
RBI के अनुसार, पॉलिमर नोटों का उद्देश्य अधिक टिकाऊ, सुरक्षित और लंबे समय तक उपयोग योग्य करेंसी उपलब्ध कराना है। यदि परीक्षण सफल रहता है, तो भविष्य में अन्य मूल्यवर्ग के नोट भी पॉलिमर सामग्री में जारी किए जा सकते हैं।
रिजर्व बैंक ने स्पष्ट किया है कि पॉलिमर नोटों के आने के बाद भी मौजूदा कागजी नोट पूरी तरह वैध रहेंगे और उनका प्रचलन जारी रहेगा। नई करेंसी को मौजूदा व्यवस्था के साथ समानांतर रूप से चलाया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही मीडिया रिपोर्टों में RBI द्वारा देश में पहली बार पॉलिमर बैंक नोटों का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी की जानकारी सामने आई थी। इसे भारत में नई पीढ़ी की सुरक्षित और टिकाऊ करेंसी व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।