अब तक 1.98 लाख क्विंटल धान खरीदा गया, 21 क्विंटल से कम उपज बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के 33 जिलों में बनाए गए 3095 उपार्जन केंद्रों में से 1606 में खरीदी शुरू हो चुकी है। अब तक करीब 1.98 लाख क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई है। इस बीच राज्य सरकार ने कम उत्पादन वाले किसानों को बड़ी राहत देते हुए 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को 13,839 रुपए प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता देने का निर्णय लिया है।
रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी अभियान के शुरुआती दिनों में ही उपार्जन केंद्रों में किसानों की आवाजाही बढ़ने लगी है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए राज्यभर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय आयोजन के दौरान धरमजयगढ़ में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की मौजूदगी में खरीदी अभियान का शुभारंभ किया। इस वर्ष किसानों से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है।
सरकार ने किसानों के हित में एक अहम फैसला लेते हुए स्पष्ट किया है कि जिन पात्र किसानों का उत्पादन कम है और वे प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, उन्हें भी कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता मिलेगी। इसके अनुसार प्रति एकड़ 13,839 रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण किसान निर्धारित सीमा तक धान नहीं बेच पाते। ऐसे किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरा लाभ दिया जाएगा। उदाहरण के तौर पर 15 क्विंटल धान बेचने वाले पात्र किसान को शेष 6 क्विंटल के अनुपात की सहायता राशि से वंचित नहीं किया जाएगा।
33 जिलों में 3095 खरीदी केंद्र
राज्य में लगभग 27.50 लाख किसानों से धान खरीदी के लिए 33 जिलों में 3095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। 15 नवंबर की स्थिति में 2805 केंद्रों से टोकन जारी किए जा चुके थे, जबकि 1606 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई थी। इन केंद्रों में अब तक कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। इसमें 1,10,979.20 क्विंटल मोटा, 80,489.60 क्विंटल पतला और 6896 क्विंटल सरना धान शामिल है।
बालोद, राजनांदगांव और महासमुंद में अधिक खरीदी
जिलेवार आंकड़ों में राजनांदगांव 26,464.40 क्विंटल धान खरीदी के साथ आगे रहा। बालोद में 24,676 क्विंटल और महासमुंद में 20,444.80 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ। धमतरी में 19,829.20 क्विंटल, बेमेतरा में 16,320.40 क्विंटल और दुर्ग में 13,952.80 क्विंटल धान खरीदा गया। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 11,871.60 क्विंटल, बलौदाबाजार-भाटापारा में 10,004.40 क्विंटल और रायपुर में 9365.60 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया।
कवर्धा में 7386 क्विंटल, गरियाबंद में 6743.60 क्विंटल और बलरामपुर में 5614 क्विंटल धान खरीदा गया। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 3161.60 क्विंटल तथा कांकेर में 3220.40 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ।
बस्तर और सरगुजा संभाग में भी खरीदी जारी
आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भी धान खरीदी की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। कोंडागांव में 3888.40 क्विंटल, बिलासपुर में 3603.60 क्विंटल, कांकेर में 3220.40 क्विंटल और कोरिया में 1984 क्विंटल धान खरीदा गया। सूरजपुर में 2006 क्विंटल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 2155.20 क्विंटल तथा मुंगेली में 1956.40 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ। बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा में भी खरीदी शुरू हो चुकी है। सुकमा में टोकन जारी होने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
रायगढ़ में 85 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन
धान खरीदी की व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रायगढ़ जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या 105 से बढ़ाकर 112 और सेवा सहकारी समितियों की संख्या 69 से बढ़ाकर 79 कर दी गई है। जिले में 85,501 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इनका कुल पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है। पिछले वर्ष की तुलना में 860 किसानों की वृद्धि हुई है।
अवैध धान परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में 20 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां तीन पालियों में चौबीस घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा तहसील स्तर पर उड़नदस्ता दल भी गठित किए गए हैं। राज्य सरकार का जोर खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, किसानों को समय पर भुगतान और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने पर है।