17 अक्टूबर से शुरू होगा पहला ब्रेक, नवंबर में दीपावली और दिसंबर में शीतकालीन अवकाश; पिछले साल से 3 दिन कम छुट्टियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए साल के अंतिम महीनों में लगातार त्योहार और शीतकालीन छुट्टियां रहेंगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने 2026 के लिए दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश की तारीखें तय कर दी हैं। सरकारी, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में तीनों मौकों पर पांच-पांच दिन का अवकाश रहेगा। यानी इन तीनों छुट्टियों को मिलाकर विद्यार्थियों को कुल 15 दिन स्कूल नहीं जाना होगा।
अक्टूबर में दशहरा की पांच दिन की छुट्टी
दशहरा पर्व के चलते 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक स्कूलों में अवकाश रहेगा। इसके बाद स्कूल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोबारा संचालित होंगे।
नवंबर में दीपावली पर भी पांच दिन बंद रहेंगे स्कूल
दीपावली के लिए 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक छुट्टी रखी गई है। इस दौरान विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई स्थगित रहेगी।
24 से 28 दिसंबर तक शीतकालीन अवकाश
सर्दियों के मौसम में विद्यार्थियों को 24 दिसंबर से 28 दिसंबर तक पांच दिन का अवकाश मिलेगा। यह वर्ष 2026 का अंतिम प्रमुख स्कूल अवकाश होगा।
18 दिन से घटकर 15 दिन हुआ कुल अवकाश
पिछले शैक्षणिक सत्र में तीनों अवसरों पर छह-छह दिन की छुट्टी थी। दशहरा 29 सितंबर से 4 अक्टूबर, दीपावली 20 से 25 अक्टूबर और शीतकालीन अवकाश 22 से 27 दिसंबर तक रहा था। इस तरह 2025-26 में कुल 18 दिन का अवकाश मिला था। इस बार प्रत्येक अवसर पर एक-एक दिन की कटौती होने से कुल छुट्टियां 15 दिन रह गई हैं।