भिलाई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवक-युवती पर चेन झपटमारी का आरोप, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई; स्कूटी और चेन का हिस्सा बरामद।
भिलाई। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बीच शौक पूरे करने और खर्च निकालने के लिए चेन झपटमारी का रास्ता अपनाने वाले युवक-युवती को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों सुबह स्कूटी से ऐसे इलाकों में पहुंचते थे, जहां महिलाएं टहलने निकलती थीं। मौका मिलते ही पीछे बैठा युवक महिला के गले से चेन खींचकर साथी के साथ फरार हो जाता था। CCTV फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस के मुताबिक आरोपी विवेकी नायक (23) बालाघाट और तरुणा सिन्हा (20) राजनांदगांव की रहने वाली है। दोनों तितुरडीह, दुर्ग में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। पुलिस का दावा है कि दोनों ने अपने शौक और पढ़ाई का खर्च पूरा करने के लिए चेन झपटमारी शुरू की थी।
आरोपी सुबह स्कूटी से उन इलाकों में घूमते थे, जहां महिलाएं टहलने निकलती थीं। अकेली या बुजुर्ग महिला दिखाई देने पर वे उनका पीछा करते थे। स्कूटी पर पीछे बैठा युवक मौका मिलते ही गले से चेन खींचता और दोनों तेजी से मौके से निकल जाते थे।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई की सुबह करीब 6:32 बजे गीता देवी (62) घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती वहां पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। घटना के बाद सुपेला पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली।
जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में दोनों ने 31 जुलाई और 20 सितंबर की चेन झपटमारी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चेन का बचा हुआ हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।